चंडीगढ

*मनीमाजरा मोटर मार्केट के मैकेनिकों की रोज़गार सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न*

मनोज शर्मा,चंडीगढ़ । मनीमाजरा सैक्टर 13 स्थित एशिया की नंबर वन मोटर मैकेनिक मार्केट के मैकेनिकों की पेटियां उठाए जाने को लेकर गहराते संकट के बीच मंगलवार को शिवालिक गार्डन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता नगर निगम के पूर्व उप महापौर विनोद अग्रवाल एवं मनोनीत पार्षद श्रीमती गीता चौहान ने की। बैठक में मोटर मार्केट के मैकेनिकों की समस्याओं और उनके रोजगार से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
गौरतलब है कि श्रीमती गीता चौहान स्वयं कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से वर्षों से जूझ रही हैं, लेकिन उनकी सामाजिक प्रतिबद्धता और जनसेवा की भावना उन्हें इस बैठक में खींच लाई। बेहद खराब स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद वे बैठक में सिर्फ इसलिए उपस्थित हुईं कि यदि उनके प्रयास से किसी का रोजगार बच सके तो उन्हें आत्मिक संतोष मिलेगा। उन्होंने कहा, “अगर मेरे सहयोग से किसी एक का भी भला हो जाए तो यह मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।”
पूर्व उप महापौर विनोद अग्रवाल ने भी आश्वासन देते हुए कहा कि किसी भी हालत में मेहनतकश मैकेनिकों को बेरोजगार नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला वे निगम के उच्च अधिकारियों और राजनैतिक नेतृत्व के समक्ष मजबूती से उठाएंगे ताकि गरीब तबके पर किसी भी प्रकार का बोझ न पड़े और उनकी आजीविका सुरक्षित रहे।
बैठक में भाजपा नेता अंकित अरोरा, शक्ति श्रीवास्तव, राजवीर सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में मोटर मार्केट से जुड़े मैकेनिक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में निर्णय लिया कि यदि प्रशासन की ओर से कोई भी कार्रवाई की जाती है, तो वे शांतिपूर्ण लेकिन संगठित ढंग से अपनी मांगें रखेंगे और रोजगार की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *