राजस्थान

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की बयानबाजी निराधार, बजट की प्रशंसा कर दें तो उनकी दुकान उठ जाए:- मदन राठौड़

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के केंद्रीय बजट पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेसी नेता यदि भाजपा सरकार के बजट की प्रशंसा कर दें तो उनकी दुकान उठ जाएगी। इसलिए वे हमेशा हमारे बजट को निराशाजनक ही बताते हैं। राठौड़ ने कहा कि डोटासरा जी को तुलनात्मक अध्ययन करना चाहिए। 2004 में जहां इनकम टैक्स में केवल 50 हजार रुपए तक की छूट थी, वहीं आज भाजपा सरकार ने इसे बढ़ाकर 12 लाख से अधिक तक की कर दी। केवल टैक्स ही नहीं, देश में हो रहे व्यापक विकास को भी देखना चाहिए। हमने हजारों किलोमीटर रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण किया, अनेक नए प्लेटफार्म विकसित किए। जयपुर, उदयपुर और जोधपुर रेलवे स्टेशनों सहित 300 से अधिक छोटे—बड़े प्लेटफार्मों के विकास हेतु केंद्र सरकार ने बजट दिया है, लेकिन यह सब डोटासरा जी को दिखाई नहीं देता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि फोरलेन और 6-लेन सड़कों का निर्माण, भारतमाला परियोजना के अंतर्गत सड़कों का जाल, वंदे भारत और द्रुतगति ट्रेनों का संचालन, राष्ट्रीय जलमार्गों का विकास—ये सभी ऐतिहासिक कार्य हैं, परंतु कांग्रेस नेताओं को विकास नहीं दिखता क्योंकि वे जनता को भ्रमित करना चाहते हैं। राठौड़ ने बताया कि पहले देश में केवल 1.25 करोड़ लोग इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करते थे, आज यह संख्या 10 करोड़ से अधिक हो गई है। 2013 में मात्र 1 प्रतिशत लोग टैक्स देते थे, आज यह बढ़कर 8 प्रतिशत हो गया है। 2004 में प्रति व्यक्ति आय 23 हजार रुपए थी, जो आज बढ़कर 2 लाख 5 हजार रुपए से अधिक हो चुकी है। ये आंकड़े किसी कल्पना पर आधारित नहीं, बल्कि सच्चाई को दर्शाते हैं। प्रदेश अध्यक्ष राठौड ने कहा कि मोदी सरकार ने रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल की है, हथियार अब देश में बन रहे हैं। लॉजिस्टिक्स व्यवस्था मजबूत होने से किसान अपनी फसल गोदामों में रखकर देश के किसी भी कोने में भेज पा रहे हैं। आधारभूत ढांचे—सड़क, रेल, बिजली,चिकित्सा, सौर ऊर्जा—हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मोदी जी राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करते हैं और कभी लोक-लुभावने बजट नहीं देते। इस बजट का उद्देश्य आर्थिक विकास को तेज करना और हर वर्ग तक सुविधाएं पहुंचाना है। यदि यह सब डोटासरा जी को दिखाई नहीं देता तो इसमें सरकार क्या कर सकती है,चाहें तो वे विकास के कार्यों को मेरे चस्में से देख सकते हैं।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *