ओम गार्डन में हवन-यज्ञ का आयोजन, क्षेत्रवासियों ने सुख-समृद्धि की कामना की : प्रधान ओमबीर छिकारा
February 2nd, 2026
| Post by :- Gaurav Sharma Jhajjar
| 29 Views
बहादुरगढ़ लोकहित एक्सप्रेस ब्यूरो चीफ (गौरव शर्मा)
शहर के लाइनपार क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 21 के ओम गार्डन में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रधान ओमबीर छिकारा बहादुरगढ़ की ओर से किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बतौर मुख्य अतिथि विधायक राजेश जून का फूलमाला व पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत किया। हवन-यज्ञ की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। पंडित नीरज मुदगिल द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराए गए यज्ञ में शांति, सुख, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की कामना की गई।

वातावरण में गूंजते मंत्रों और हवन की सुगंध से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुति देकर परिवार व समाज की खुशहाली की प्रार्थना की। इस अवसर पर प्रधान ओमबीर छिकारा ने कहा कि धार्मिक आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करते हैं।

उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन आगे भी समय-समय पर कराए जाएंगे ताकि लोग आध्यात्मिक रूप से जुड़ सकें और सामाजिक एकता मजबूत हो। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ हवन में हिस्सा लिया। आयोजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया। विधायक राजेश जून ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना बढ़ती है। ओम गार्डन में आयोजित यह हवन-यज्ञ क्षेत्र के लोगों के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक आयोजन साबित हुआ। इस अवसर पर सरपंच सुमित छिकारा, प्रधान तकदीर सिंह, प्रधान जयवीर दहिया, शिक्षाविद पंकज मेहरा, मुंडू पहलवान, सोमवीर छिकारा, धर्मवीर ग्रेवाल, लक्ष्मी छिकारा, सुमित्रा, बबिता दहिया, कानूनगो रमेश पटवारी, उत्तम छिकारा, वंशु, मनोज जायसवाल, अनिल गुलिया, नवीन जांगड़ा, अनिल सिंगल पार्षद पति, प्रदीप नंबरदार डाबोदा आदि मौजूद रहे।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


