Uncategorized

जीएमएन कॉलेज, अंबाला कैंट की एनएसएस इकाइयों ने स्वच्छता–पर्यावरण पर चलाया जन-जागरूकता अभियान।

अंबाला:अशोक शर्मा।
गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज (जीएमएन कॉलेज), अंबाला कैंट की एनएसएस इकाइयों द्वारा ग्राम खुड्डा कलां में आयोजित सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर के अंतर्गत आज के दिन “स्वच्छता एवं पर्यावरण” थीम पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ योग सत्र एवं एनएसएस प्रार्थना के साथ हुआ, जिससे स्वयंसेवकों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना प्रबल हुई।

स्वच्छ भारत अभियान के तहत आयोजित जागरूकता व्याख्यान में राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी), नगर परिषद, अम्बाला सदर के श्री गुलाब सिंह ने पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन तथा प्लास्टिक प्रदूषण से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छ और हरित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

एनएसएस स्वयंसेवकों ने गांव में “से नो टू प्लास्टिक” जन-जागरूकता रैली निकाली, जिसमें नारों व संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया। सेव एनवायरनमेंट अभियान के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा बनाए गए रचनात्मक पोस्टरों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सामाजिक व पर्यावरणीय संदेश को प्रभावी रूप से जनमानस तक पहुंचाया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। शिविर का यह दिन स्वच्छता के महत्व, पर्यावरणीय चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने की दिशा में अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. पिंकी गुप्ता एवं डॉ. चन्द्रपाल पुनिया तथा एनएसएस सलाहकार समिति की सदस्या सुश्री गीति बिंद्रा एवं सुश्री हर्षिता लांबा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *