राजस्थान

कर्तव्य भवन में बना पहला बजट, विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने वाला बजट:- मंजू शर्मा

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने केंद्रीय बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहला बजट है,जो कर्तव्य भवन में तैयार किया गया है और यह अपने आप में नए भारत की कार्यसंस्कृति और कर्तव्यबोध का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शर्मा ने कहा कि इस बजट के तीन प्रमुख कर्तव्य आर्थिक ग्रोथ को बढ़ावा देना, जनता की उम्मीदों को पूरा करना और सबका साथ, सबका विकास शामिल है। निवेश, उद्योग और रोजगार सृजन को मजबूत करने के लिए किए गए प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे। साथ ही आम नागरिकों को अधिक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह बजट संवेदनशील और दूरदर्शी है। सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि बजट में किसान की आय बढ़ाने पर विशेष फोकस किया गया है। कृषि क्षेत्र में निवेश, आधुनिक तकनीक के उपयोग और बेहतर बाजार व्यवस्था से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा तथा उनकी आमदनी में वृद्धि होगी। वहीं ज्ञान, तकनीक और नवाचार के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की रणनीति इस बजट की बड़ी विशेषता है। बायोफार्मा शक्ति को बढ़ावा देकर देश को मेडिकल इनोवेशन और अनुसंधान के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाया जाएगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ेगी और मेडिकल टूरिज्म को भी प्रोत्साहन मिलेगा। पूर्व सांसद रामचरण बोहरा ने कहा कि प्रत्यक्ष कर प्रणाली को सरल और पारदर्शी बनाकर वैश्विक व्यापार और निवेश आकर्षित करने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। इससे भारत को निवेशकों के लिए और अधिक अनुकूल गंतव्य बनाया जा सकेगा। केंद्रीय बजट 2026–27 समावेशी विकास, आत्मनिर्भर भारत और मजबूत अर्थव्यवस्था की नींव रखने वाला बजट है, जो हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेगा। यह विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम साबित होगा। विधायक कालीचरण सराफ ने कहा कि बजट “विकसित भारत” के संकल्प को मजबूती प्रदान करने वाला तथा आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह बजट गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग—सभी वर्गों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए समावेशी विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, रेलवे व सड़क परियोजनाओं, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप्स, एमएसएमई सेक्टर, कृषि एवं ग्रामीण विकास के लिए किए गए प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, कौशल विकास और नवाचार को प्रोत्साहन देने के निर्णय स्वागतयोग्य हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री का अभिनंदन करता हूँ कि उन्होंने देश की मजबूत आर्थिक नींव को और सुदृढ़ करने वाला दूरदर्शी एवं लोककल्याणकारी बजट प्रस्तुत किया है। यह बजट भारत को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक शक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विधायक बाल मुकुंदाचार्य महाराज ने बताया कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने वाला है। बुनियादी ढांचे, रोजगार सृजन, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष फोकस कर मोदी सरकार ने आत्मनिर्भर भारत की नींव को और मजबूत किया है। यह बजट 2047 तक भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने की सोच को साकार करने वाला है। यह बजट जनकल्याणकारी और समावेशी बजट है। इसमें गरीबों के आवास, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं। विधायक गोपाल शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 आर्थिक स्थिरता, तेज विकास और सामाजिक न्याय का संतुलित दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई, स्टार्टअप, इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने वाले प्रावधानों से देश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यह बजट भारत को वैश्विक शक्ति बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *