Uncategorized

अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर में शोरूमों की जानकारी लेने के लिए रोजाना पहुंच रहे सैकड़ों लोग।।

अम्बाला/चंडीगढ़:अशोक शर्मा। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने आज अम्बाला छावनी के तीन बड़े प्रोजेक्टों अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर, नाइट फूड स्ट्रीट और फायर ब्रिगेड बिल्डिंग के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए नगर परिषद अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों को दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान श्री विज ने कहा अम्बाला छावनी की जनता की सुविधा हेतु इन तीन बड़े प्रोजेक्टों पर निर्माण कार्य चल रहा है जोकि अंतिम चरणों में है। इनके पूरा होते ही जनता को इसका लाभ मिलगा और तीनों प्रोजेक्ट छावनी के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। गौरतलब है कि अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर, नाइट फूड स्ट्रीट और फायर ब्रिगेड बिल्डिंग का निर्माण कार्य करोड़ों रुपए की लागत से किया जा रहा है जोकि अपने निर्माण के अंतिम चरणों में है।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने निर्देश दिए कि अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर में पहले चरण के कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि यहां शिफ्ट होने वाले बैंकों यहां अपना कामकाज प्रारंभ कर सकेंगे। इस दौरान मंत्री विज ने बताया कि लगभग 111 करोड़ रुपए की लागत से पहले चरण का कार्य पूरा होने वाला है जबकि दूसरे चरण के कार्य के टेंडर भी आगामी दिनों में जल्द अलॉट किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बैंकों के यहां पर शिफ्ट होने से बाजारों में भीड़ भाड कम होगी तथा एक ही छत के नीचे लोगों को बैंकिंग सुविधा मिलेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि यहां आने वाले लोगों के बैठने के लिए बेंच व अन्य जन सुविधाओं में इजाफा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों व निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले चरण का कार्य मार्च माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में बन रहे भवन में 44 शोरूम का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है और पहले चरण का कार्य अंतिम चरणों में है। अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग बैंक स्क्वेयर में शोरूम की स्थिति की जानकारी लेने के लिए रोजाना आ रहे हैं।

गौरतलब है कि प्रथम चरण के कार्य के तहत तीन मंजिला भवन में कुल 44 शोरूम बनकर तैयार है जिसमें पहले फ्लोर में 17 शोरूम, दूसरे फ्लोर में 14 और तीसरे फ्लोर में 13 शोरूम है। इसी प्रकार यहां लोगों की सुविधाओं के लिए चार अलग-अलग लिफ्ट है। बेसमेंट व ग्राउंड फ्लोर पर 317 कारों को एक साथ करने के लिए पार्किंग सुविधा है। यहां 70 किलो लीटर प्रतिदिन का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) है।
इसी प्रकार द्वितीय चरण में बनने वाले भवन में कुल 54 शोरूम बनेंगे जिनमें पहले फ्लोर पर 17 शोरूम, दूसरे फ्लोर पर 17 और तृतीय फ्लोर पर 20 शोरूम होंगे। यहां 5 लिफ्ट होगी जबकि 450 लोगों के एक साथ बैठने की क्षमता का आडिटोरियम भी बनेगा। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार की तरफ से द्वितीय चरण निर्माण हेतु 64.47 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई थी।

जगाधरी रोड पर नाइट फूड स्ट्रीट में निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद अधिकारियों को यहां सुविधाओं में और इजाफा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाइट फूड स्ट्रीट के ठीक साथ ओपन स्पेस में लोगों के बैठने के लिए टेबल व कुर्सियां लगाने के साथ-साथ यहां वॉटर प्रूफ छतरी भी लगाई जाए ताकि यहां लोग बैठकर लजीज व्यंजनों का आनंद ले सके। इसके अलावा यहां सुंदर लाइटें व बैठने के लिए अन्य प्रबंध किए जाए। उन्होंने दुकानों के आगे शेल्फ बनाने व अन्य दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपए की लागत से नगर परिषद द्वारा नाइट फूड स्ट्रीट का निर्माण किया जा रहा है। यहां 60 दुकानें बन चुकी है जिनमें 40 वेज व 20 नॉन वेज दुकानें होगी। बेहतरीन व्यंजन लोगों को मिले इसके लिए दुकानों को अलॉट करने की प्रक्रिया भी नगर परिषद द्वारा प्रारंभ कर दी गई है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *