जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर उत्तर की ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जयपुर से चोरी हुई महिंद्रा थार गाड़ी को महज 24 घंटे के भीतर मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से बरामद कर गिरोह के सरगना सहित तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करन शर्मा (IPS) ने बताया कि 21 अक्टूबर को परिवादी रामकुमार सिंह कुशवाह ने ब्रह्मपुरी थाने में अपनी महिंद्रा थार (रजिस्ट्रेशन नंबर RJ-59-CB-3414) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के सुपरविजन, सहायक पुलिस आयुक्त (आमेर) प्रतीक सिंह (IPS) के निर्देशन और ब्रह्मपुरी थानाधिकारी बृजमोहन कविया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्य और जीपीएस से पीछा कर एमपी में दबोचा
पुलिस टीम ने घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन कर रूट चार्ट तैयार किया। वाहन में लगे जीपीएस ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस लगातार आरोपियों का पीछा करती रही। जयपुर से रवाना हुई विशेष टीम ने मध्य प्रदेश के जिला सिवनी स्थित कुरई शहर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से नाकाबंदी कर 22 अक्टूबर को तीनों आरोपियों को धर दबोचा और उनके कब्जे से चोरी की थार गाड़ी बरामद कर ली।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य रात के अंधेरे में सुनसान इलाकों में खड़ी गाड़ियों के लॉक तोड़कर चोरी को अंजाम देते थे। वारदात के तुरंत बाद वे शहर छोड़कर निकल जाते थे और पुलिस से बचने के लिए गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे दूसरे राज्यों में खपाने के लिए ले जाते थे।
पुलिस की विशेष टीम में सहायक उपनिरीक्षक मदन लाल, कांस्टेबल दिनेश, रतिराम, लाल सिंह और तकनीकी सहायक कांस्टेबल जतन सिंह शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से यह सफलता मिली। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


