जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी के पॉश इलाके सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक पर आए चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) का उनकी ही मर्सिडीज कार में अपहरण करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अशोक नगर थाना पुलिस और जयपुर दक्षिण की डीएसटी (DST) टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के फरार चल रहे मुख्य आरोपी और 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या थी पूरी घटना?
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) के अनुसार, घटना 10 सितंबर 2026 की है। पीड़ित राजीव गुप्ता सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आए थे। इसी दौरान दो बदमाशों ने धारदार चाकू और एक नकली पिस्टल की नोक पर उन्हें उन्हीं की मर्सिडीज कार में बंधक बना लिया। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर कार समेत शहर से बाहर किसी सुनसान जगह ले जाकर फिरौती वसूलना चाहते थे।
चलती कार में हुआ मुकाबला, गड्ढे में गिरी मर्सिडीज
अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटने के लिए पीड़ित राजीव गुप्ता ने चलती कार में ही बदमाशों से मुकाबला किया। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और शर्ट से मुंह बांधने का प्रयास किया। इस दौरान पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए कार का स्टेयरिंग घुमा दिया, जिससे अनियंत्रित होकर मर्सिडीज सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसा होते ही और आसपास के लोगों को आता देख दोनों बदमाश कार छोड़कर पास के जंगल और पहाड़ियों की तरफ भाग निकले। भागते समय बदमाशों की तेज रफ्तार कार से एक बाइक सवार भी टकराकर घायल हो गया था।
मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त (अशोक नगर) डॉ. पूनम के निर्देशन में थानाधिकारी हेमंत जनागल व डीएसटी प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस टीमों ने सेंट्रल पार्क, आमेर, ब्रह्मपुरी, ट्रांसपोर्ट नगर, जामडोली और बस्सी इलाके में सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने पूर्व में ही 18 सितंबर को वारदात के मास्टरमाइंड चेतन शर्मा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


