​जयपुरिया अस्पताल के बाहर से बाइक चुराने वाला चोर गिरफ्तार
September 26th, 2026 | Post by :- | 23 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी)। राजधानी जयपुर के बजाज नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
​पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 18 सितंबर 2026 को परिवादी मनवीर (24), निवासी भरतपुर (हाल किरायेदार मानसरोवर), ने जयपुरिया अस्पताल के गेट नंबर 2 से अपनी मोटरसाइकिल (नंबर RJ05SF1614) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
​*CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता*
​अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन और सहायक पुलिस आयुक्त (मालवीय नगर) शिवदयाल के सुपरविजन में थानाधिकारी रामधन डोभाल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा आधुनिक तकनीक व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की।
​पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महेन्द्र रैगर (23) पुत्र रामजीलाल, निवासी गांव बरखेड़ा (शिवदासपुरा, जयपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी हुई पूरी मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
​*अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी*
​पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल अविनाश कुमार तथा कांस्टेबल महेंद्र कुमार व रामावतार की विशेष और महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।