राजस्थान

भाजपा जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाएगी केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां:- भूपेंद्र सैनी

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों तथा राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर प्रदेशभर में व्यापक जन-जागरण अभियान चलाए जा रहे है। इसके अंतर्गत योग दिवस, एक पेड़ मां के नाम, वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान, परिंडे लगाओ अभियान, मीडिया संवाद, जनकल्याण शिविर, प्रगति पथ यात्रा, ग्राम चौपाल तथा रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से जोड़ा जाएगा। सैनी ने बताया कि इन अभियानों में पार्टी के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग लेते हुए जनता के बीच पहुंच रहे हैं। प्रदेशभर में सभागार बैठकों और छोटी-छोटी संवादात्मक बैठकों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विकास यात्रा को लोगों तक पहुंचाया जा रहा। भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का विशेष प्रसारण रविवार को प्रदेश कार्यालय सहित प्रदेशभर के सभी बूथों पर सुना जाएगा। प्रदेश कार्यालय में इसका लाइव प्रसारण होगा, वहीं मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आगामी संगठनात्मक बैठकों का आयोजन भी आधुनिक तकनीक और आनलाइन माध्यम से किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए विशेष जन संपर्क अभियान का दायित्व प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, सभागार बैठकों का दायित्व भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी, जनकल्याण शिविर का दायित्व प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, मोदी सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी का दायित्व प्रदेश महामंत्री डॉ मिथिलेश गौतम, विश्व पर्यावरण दिवस का ​दायित्व वरिष्ठ भाजपा नेता जसवंत विश्नोई, प्राकृतिक खेती कार्यशाला का दायित्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का दायित्व प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहूर, मीडिया संवाद का दायित्व मीडिया ​प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ और इनकी टोली को दिया गया है। सैनी ने कहा कि राजस्थान सरकार का ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ प्रदेश में जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण जनआंदोलन बनता जा रहा है। प्रदेश के 23 जिलों में बावड़ियों, कुओं और पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई का कार्य जनभागीदारी से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं इस अभियान में भाग लेकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। मंत्री, विधायक, संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए गांव-गांव पहुंच रहे हैं, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन हो और भूजल स्तर में वृद्धि हो सके।
भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद प्रदेश में बिजली और पानी की व्यवस्थाओं को लेकर सरकार लगातार सक्रिय है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं विभिन्न क्षेत्रों में जाकर रात्रि विश्राम कर रहे हैं तथा जनता की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। ग्राम चौपाल और रात्रि चौपाल के माध्यम से सरकार और संगठन सीधे जनता के बीच पहुंच रहे हैं। पानी की समस्या को लेकर सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और संबंधित विभागों को लगातार आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर चलाए जा रहे ये अभियान जनता को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और जनजागरण को भी मजबूत करेंगे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *