(पीडब्ल्यूसी बैठक में विकास को मिली रफ्तार सीवरेज नेटवर्क) सिरसी रोड चौड़ीकरण समेत 286 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी यातायात सुधार,आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुनियोजित शहरी विकास को मिलेगा बल
जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व एवं नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा के मार्गदर्शन में जयपुर विकास प्राधिकरण राजधानी जयपुर के समग्र, आधुनिक एवं सुनियोजित विकास हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में शुक्रवार को जयपुर विकास आयुक्त श्री सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में प्राधिकरण की पीडब्ल्यूसी ( पब्लिक वर्क्स कमेटी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास से जुड़े अनेक अहम प्रस्तावों पर निर्णय लेते हुए लगभग 286 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गईं। बैठक में जयपुर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने, सीवरेज नेटवर्क को सुदृढ़ करने तथा नई विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
*यातायात सुधार को प्राथमिकता,सिरसी रोड विकास को बड़ी मंजूरी:
राजधानी में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु जोन-7 में सिरसी रोड (सी-जोन बाईपास से सिरसी मोड़ तक) चौड़ीकरण एवं विकास कार्य के लिए 48.76 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। इसी प्रकार, सीकर रोड (चौमूं पुलिया से रोड नंबर 14) पर एट-ग्रेड यू-टर्न सुविधा निर्माण हेतु 9.54 करोड़ रुपये तथा सहकार मार्ग स्थित इमली फाटक एवं ज्योति नगर टी-जंक्शन सुधार कार्य के लिए 5.96 करोड़ रुपये की कार्योत्तर स्वीकृति जारी की गई। इन कार्यों से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुचारु होगी।
*सीवरेज नेटवर्क सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़े फैसले:
पर्यावरण संरक्षण और बेहतर शहरी स्वच्छता के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए पीआरएन (नॉर्थ) क्षेत्र के जोन-5 एवं 6 से एसटीपी नेवटा तक लेटरल सीवर लाइन बिछाने के लिए 95.16 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त भांकरोटा (वार्ड 65, 66, 67) एवं आसपास क्षेत्रों से एसटीपी नेवटा तक सीवर लाइन बिछाने हेतु 42 करोड़ रुपये तथा ग्राम गजधरपुरा स्थित 30 एमएलडी एसटीपी के अपग्रेडेशन के लिए संशोधित राशि 17.18 करोड़ रुपये स्वीकृत की गई। इन परियोजनाओं से जयपुर में सीवरेज प्रबंधन और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूती मिलेगी।
*सौन्दर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा:
शहरी सौन्दर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के तहत विद्याधर नगर (जोन-2) सेंट्रल स्पाइन कॉरिडोर पर सेंट्रल फूड स्ट्रीट (CFS) के पुनर्विकास एवं पांच वर्ष के रखरखाव हेतु 3.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। साथ ही, सेक्टर-1 विद्याधर नगर में ईपीसी मोड पर इंफॉर्मेशन बिजनेस एंड एंटरटेनमेंट (VIBE) सेंटर निर्माण हेतु 10.50 करोड़ रुपये तथा स्वर्ण जयंती गार्डन की चारदीवारी निर्माण के लिए 3.02 करोड़ रुपये मंजूर किए गए।
*सड़कों के विकास और नवीनीकरण को भी मिली गति:
जोन-11 के ग्राम अचरावाला, जयसिंहपुरा उर्फ तेजावाला एवं अभयपुरा में लैंड पूलिंग स्कीम (LPS) के तहत सड़क एवं अन्य विकास कार्यों के लिए 40.07 करोड़ रुपये की संशोधित स्वीकृति दी गई। इसके अलावा, मालवीय नगर सेक्टर सड़क—प्रधान मार्ग नवीनीकरण, सी-जोन बाईपास से कनकपुरा फाटक (दक्षिण दिशा) तक सड़क सुदृढ़ीकरण हेतु 6.85 करोड़ रुपये तथा जाहोता फ्लाईओवर से जाहोता गांव तक सड़क निर्माण हेतु 3.71 करोड़ रुपये की कार्योत्तर स्वीकृति जारी की गई। साथ ही, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) द्वारा पेयजल लाइन कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत हेतु भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
*जयपुर के सुनियोजित विकास को मिलेगी नई दिशा:
जयपुर विकास आयुक्त श्री सिद्धार्थ महाजन ने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन से राजधानी की यातायात व्यवस्था, आधारभूत ढांचे और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही जयपुर के सुनियोजित, आधुनिक एवं सतत विकास को नई गति प्राप्त होगी। बैठक में सचिव श्री गौरव सैनी, निदेशक आयोजना श्री मृणाल जोशी, निदेशक अभियांत्रिकी श्री देवेंद्र गुप्ता, श्री अजय गर्ग, श्री संजीव जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





