राजस्थान

गौमाता की रक्षा,संवर्धन एवं सेवा के लिए प्रदेश सरकार पूर्ण प्रतिबद्ध:- श्री बालमुकुंदाचार्य,विधायक हवामहल

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पंचम सत्र जारी है। हवामहल विधायक श्री बालमुकुंद आचार्य ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा राज्य में गौ माता की रक्षा, संवर्धन एवं सेवा के विषय में सरकार पूर्णतः संवेदनशील है तथा इस दिशा में निरंतर ठोस एवं प्रभावी कदम उठा रही है। भारतीय संस्कृति में गौ संरक्षण केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि व्यवस्था एवं पर्यावरण संतुलन से भी जुड़ा हुआ है। श्री आचार्य ने कहा कि राजस्थान भी अन्य राज्यों की तर्ज पर गौ माता को “राज्य माता” का दर्जा प्रदान करने के संबंध में सरकार सकारात्मक विचार कर रही है। इसके लिए विधिक, प्रशासनिक एवं सामाजिक पहलुओं का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि एक सुदृढ़ एवं प्रभावी कानून बनाकर गौ संरक्षण को और अधिक मजबूत किया जा सके। गौ तस्करी एवं अवैध वध जैसी गतिविधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा राज्य सरकार द्वारा गौशालाओं को दिए जाने वाले अनुदान में वृद्धि की गई है तथा नई गौशालाओं की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को सहयोग, चारे की व्यवस्था एवं चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक क्षेत्र में गौ संरक्षण के लिए सुदृढ़ ढांचा विकसित हो। उन्होंने कहा सरकार समाज के सभी वर्गों से अपील करती है कि गौ माता की सेवा एवं संरक्षण में सहभागी बनें। केवल गौशालाओं पर निर्भर रहने के बजाय घर-घर में गौ सेवा की भावना को प्रोत्साहित किया जाए। यह हम सबका सामूहिक दायित्व है कि गौ माता की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करें।हमारा विश्वास है कि सरकार की संवेदनशील नीति, कड़े कानून और जनसहभागिता के माध्यम से गौ संरक्षण का संकल्प अवश्य पूर्ण होगा। राज्य की संस्कृति, परंपरा और गौरव की रक्षा के लिए यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *