हरियाणा

सहकारिता विभाग देश में स्थापित करेगा 150 चीनी मिल:डॉ अरविंद शर्मा

हरियाणा पुराने किसानों को गन्ना बुआई पर लाने के लिए करेगा विशेष प्रयास, मुख्यमंत्री से मुलाकात कर गन्ना किसानों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाओं की मांग की जाएगी, किसानों का दिल जीतें मिल प्रबंधन, सुनिश्चित करें न आए तकलीफ

शाहबाद 25 नवंबर सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को पूरा करने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश में 150 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। इस कड़ी में प्रदेश के नारायणगढ़ में चीनी मिल स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गन्ना किसानों को देश में सर्वाधिक गन्ना फसल की दर 415 रुपए प्रति क्विंटल घोषित की है और जल्द ही उनसे मुलाकात करते हुए गन्ना किसानों के लिए प्रोत्साहन योजनाएं शुरू करने पर चर्चा की जाएगी।
मंगलवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने शाहबाद सहकारी चीनी मिल के 42वें पेराई सीजन के शुभारंभ अवसर पर ऑनलाइन संबोधित किया। शाहबाद में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सांसद नवीन जिंदल व विधायक रामकरण काला, मिल निदेशक, मिल प्रबंधक एवं गन्ना किसान उपस्थित रहे। सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में सहकारिता क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह देश में 150 चीनी मिलें स्थापित करने की घोषणा कर चुके हैं, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के नारायणगढ़ में सहकारी चीनी मिल स्थापित की जा रही है। मुख्यमंत्री सैनी ने प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए अगेती किस्म का भाव 415 रुपए प्रति क्विंटल और पछेती किस्म का भाव 408 रुपए प्रति क्विंटल भाव निर्धारित किया है, जो देश में सर्वाधिक है। हरियाणा सरकार अपने किसानों को समय पर फसल भुगतान सुनिश्चित कर रही है। ऑनलाइन टोकन सिस्टम से गन्ना किसानों को मिल तक गन्ना लाने में 10 से 12 घंटे समय की बचत हुई है।

कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि पुराने गन्ना किसानों को मिल से जोड़ने के लिए बीते वर्ष जो प्रयास शुरू किए गए थे, उसकी बदौलत इस बार शाहाबाद चीनी मिल में 2 लाख क्विंटल अधिक गन्ना क्रशिंग के लिए लाया जाएगा। शाहबाद मिल द्वारा निरन्तर राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार जीत रही हैं और अपनी मेहनत व किसानों के सहयोग से निरंतर आगे बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर वो शीघ्र मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करेंगे तथा गन्ना किसानों को हार्वेस्टिंग में आने वाली परेशानी के लिए सब्सिडी पर मशीन उपलब्ध करवाने तथा उन्हें निरंतर गन्ना बिजाई के लिए साथ जोड़ने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना शुरू करने का आग्रह करेंगे।

सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने मिल प्रबंधन को निर्देश दिए कि वो गन्ना किसानों का ध्यान रखें, उनका दिल जीतें और यह सुनिश्चित करें कि गन्ना किसानों को कोई तकलीफ न आए। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र-प्रदेश सरकार किसानों के सांझे की सरकार है, क्योंकि हर समय उनके हित को मजबूत करने की चिंता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करते हैं। बीते दिनों प्रदेश के किसान भाइयों को 21वीं पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों रुपए की राशि उनके खाते में भेजे गए। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से भी मिल के पेराई सीजन के शुभारंभ की मिल प्रबंधन, किसानों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शाहबाद चीनी मिल एमडी प्रदीप अहलावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *