
■ सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की चाह में युवा अपनी जान जोखिम में ना डाले
Lokhit Express Yamunanagar, 23/05/26 : पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने हाल ही में नदी, नहर और स्विमिंग पूल में रील बनाते समय हुए हादसों को गंभीरता से लेते हुए युवाओं और अभिभावकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने लगातार बढ़ रही घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आजकल सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की चाह में युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। खासकर नदी, नहर, झील और स्विमिंग पूल जैसे गहरे पानी वाले स्थानों पर खतरनाक तरीके से वीडियो और रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ा है। कई मामलों में युवाओं का संतुलन बिगड़ने, गहराई का अंदाजा न होने या तेज बहाव के कारण हादसे सामने आए हैं। ऐसे हादसों में कई युवाओं की जान तक चली गई है।
एडवाइजरी में युवाओं से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में न डालें। उन्होंने कहा कि कोई भी रील या वीडियो इंसान की जिंदगी से बढ़कर नहीं हो सकता। गहरे पानी में उतरकर स्टंट करना, पुलों या नहर किनारे वीडियो शूट करना और तैराकी न आने के बावजूद पानी में जाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से भी विशेष सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि माता-पिता अपने बच्चों की गतिविधियों और दिनचर्या पर नजर रखें। बच्चों को बिना जानकारी के नदी, नहर या अन्य जल स्रोतों के पास जाने से रोकें। यदि बच्चे घूमने या दोस्तों के साथ बाहर जाने की बात करें तो अभिभावक यह जरूर जानें कि वे कहां जा रहे हैं और किस उद्देश्य से जा रहे हैं।
इसके अलावा पुलिस ने स्कूलों और कॉलेजों से भी विद्यार्थियों को जागरूक करने का आग्रह किया है। समय रहते जागरूकता फैलाकर ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जीवन अमूल्य है और थोड़ी सी लापरवाही परिवारों के लिए जिंदगी भर का दुख बन सकती है। इसलिए सभी नागरिक जिम्मेदारी दिखाएं और खतरनाक स्थानों पर रील बनाने से बचें। पुलिस ने युवाओं से सुरक्षित स्थानों पर ही मनोरंजन और वीडियो बनाने की सलाह देते हुए सतर्क रहने का संदेश दिया है।




