मेहनत, लगन और समर्पण को मिला सम्मान, छह पुलिसकर्मी बने ‘‘कॉन्स्टेबल ऑफ द मंथ’’
July 15th, 2026 | Post by :- | 24 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल ने मंगलवार को पुलिस आयुक्तालय पर आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट, सराहनीय, मेहनत, लगन एवं समर्पण से कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मियों को ‘‘कॉन्स्टेबल ऑफ द मंथ’’ अवॉर्ड से सम्मानित किया। पुलिस आयुक्त श्री मित्तल ने कहा कि जयपुर पुलिस का ध्येय ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’ की भावना को साकार करना है। इसी उद्देश्य से पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देकर सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा तथा वे और अधिक लगन, मेहनत एवं समर्पण के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित होंगे।
*अपराध नियंत्रण और जनसेवा में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका*
जून माह 2026 के ‘‘ कॉन्स्टेबल ऑफ द मंथ’’ पुरस्कार के लिए जिला पूर्व से चिन्ह्ति श्री नाहर सिंह कानि0 पुलिस थाना बजाजनगर ने थाना बजाजनगर में काफी वर्षों से पड़े माल में से 220 विभिन्न मदों में जप्त मालों एवं वाहनों का निस्तारण करवाने एवं 87 प्रकरणों में प्राप्त आदेशों की पालना में चार्जशीट एवं एफआर किता कर न्यायालय में पेश करने का सराहनीय कार्य किया है।
जिला पश्चिम के श्री भैरूराम कानि0 पुलिस थाना दौलतपुरा ने दर्जशुदा प्रकरण में आसूचना संकलन व सीसीटीवी फुटेज का गहनता से विश्लेषण कर ईनामी अपराधी कमलेश सैनी को चिन्ह्रित कर गिरफ्तार करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। जिला उत्तर के श्री दिनेश कुमार कानि0 पुलिस थाना विद्याधर नगर ने पिछले 15 माह से फरार चल रहे हत्या के ईनामी अपराधी लक्ष्मी देवी को बैंगलोर से गिरफ्तार करवाने व अन्य प्रकरण में भूत-प्रेत आत्माओं का साया बताकर उनसे लाखों रूपयों की ठगी करने वाले ईनामी अपराधी अम्बिका प्रसाद को गिरफ्तार करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। जिला दक्षिण के श्री मानवेन्द्र सिंह कानि0 पुलिस थाना मुहाना ने वांछित अपराधी, अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों की तस्करी, हत्या, बलात्कार, पॉक्सो जैसे जघन्य एवं गंभीर प्रकृति के अपराध करने वाले अपराधियों को पकड़वाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी और 11 समन एवं 8 वारंटों का निस्तारण करने का सराहनीय कार्य किया है।
श्री हरफूल कानि0 यातायात पूर्व ने सुगम पथ यादगार तिराहे से रामबाग चौराहे पर अत्यधिक यातायात दबाव वाले स्थान पर एमजीडी स्लिप लाईन में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अत्यंत कुशल एवं प्रभावशाली प्रबंधन कर यातायात के सुगम संचालन एवं आमजन को निर्बाध एवं बेहतर यातायात उपलब्ध करवाने का सराहनीय कार्य किया।
श्री दातार सिंह कानि0 कार्यालय अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, यातायात एवं प्रशासन, आयुक्तालय जयपुर ने कार्यालय से संबंधित समस्त ई-मेल एवं पत्रों के साथ-साथ समय-समय पर कानून व्यवस्था ड्यूटी संबंधी कार्य कड़ी मेहनत एवं लगन से सम्पादित किये।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।