मनोज शर्मा, चंडीगढ़। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए गोल्डन लायंस क्लब ने बुधवार को मनीमाजरा के दो सरकारी विद्यालयों में संयुक्त पौधारोपण अभियान का आयोजन किया। अभियान के तहत गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल, पॉकेट नंबर-8, सेक्टर-13 तथा गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मनीमाजरा टाउन परिसर में कुल 250 औषधीय, फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।
गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल, पॉकेट नंबर-8 की प्रधानाध्यापिका इंदु बब्बर ने बताया कि इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
इसी क्रम में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मनीमाजरा टाउन में भी पौधारोपण किया गया, जहां विद्यालय परिसर को अधिक हरित और स्वच्छ बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पीकेएल प्रीमियर क्लब की अध्यक्ष अनु भार, निशा सचदेवा, पीडीपी के मंजीत भामरा, आशा काहलों, ललिता भोला सहित क्लब के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित होते देखना भी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने गोल्डन लायंस क्लब के इस पर्यावरण संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


