आस्था स्थलों के विरुद्ध षड्यंत्र बर्दाश्त नहीं, दोषियों को बेनकाब कर होगी सख्त कार्रवाई:- मदन राठौड़
July 15th, 2026 | Post by :- | 13 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राम मंदिर, बुटाटी धाम चंदा चोरी मामले में कांग्रेसी नेताओं के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि देश में कुछ लोग सुनियोजित तरीके से आस्था स्थलों को नुकसान पहुंचाने और लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का षड्यंत्र कर रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि इसके पीछे विदेशी ताकतों की भी भूमिका हो सकती है, जो समाज के कुछ लोगों को भ्रमित कर इस प्रकार की गतिविधियों को बढ़ावा दे रही हैं। राठौड़ ने बुटाटी धाम से जुड़े प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संबंध में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बुटाटी धाम के प्रबंधन में कांग्रेस से जुड़े लोग ही रहे हैं। वहां के प्रबंधन में कांग्रेस पार्षद के पति ही अध्यक्ष हैं। ऐसे में डोटासरा का भाजपा पर आरोप लगाने का प्रयास स्वयं कांग्रेस पर ही भारी पड़ गया है। डोटासरा ने सेल्फ गोल कर दिया। उन्होंने सोचा तो था कि भाजपा को बदनाम करें, लेकिन उनके स्वयं के पैरों में आग लग गई। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में तथ्य सामने आ चुके हैं और विपक्ष ने राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश में स्वयं को ही कटघरे में खड़ा कर लिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से समाज की आस्थाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर से जुड़े हालिया विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन लोगों का मंदिर और उसकी परंपराओं से कोई जुड़ाव नहीं रहा, जो कभी मंदिर नहीं गए, जिन्होंने राम के अस्तित्व के खिलाफ हलफनामा तक पेश कर दिया था, वे आज निराधार आरोप लगाकर समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। राठौड़ ने चंपत राय के वर्षों के समर्पण और संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे समर्पित व्यक्तित्वों को बदनाम करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। श्रद्धालु अपनी आस्था के कारण मंदिरों में दान और चंदा देते हैं, जिससे मंदिरों का विकास, सेवा कार्य और जनहित के अनेक कार्य संचालित होते हैं। ऐसे में चंदा चोरी जैसे निराधार आरोप लगाकर लोगों की आस्था को आहत करना उचित नहीं है। राठौड़ ने कहा कि इतिहास साक्षी है कि विदेशी आक्रांताओं ने सबसे पहले भारत की आस्था और सांस्कृतिक विरासत पर हमला किया। सोमनाथ, अयोध्या और मथुरा जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को ध्वस्त करने के साथ-साथ हमारी शिक्षा व्यवस्था को भी कमजोर करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि आज फिर कुछ शक्तियां उसी मानसिकता के साथ समाज की आस्था पर प्रहार करने का प्रयास कर रही हैं, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतों की गहन जांच कर उन्हें बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आस्था से समाज को प्रेरणा, विश्वास और आत्मबल मिलता है तथा इसे कमजोर करने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रसूताओं की उपचार के दौरान हुई अप्रिय घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।