गजसिंहपुर,(यश कुमार)। राजस्थान सरकार के नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार मंगलवार को नगरपालिका गजसिंहपुर कार्यालय में “शहरी सेवा शिविर-2026” का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराकर राहत प्रदान करना था। शिविर प्रभारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में नगरपालिका के कर्मियों के सक्रिय सहयोग से आमजन की समस्याएं सुनी गईं और कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ दिलाने में मदद की। शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर दो एनओसी मौके पर ही जारी किए गए। इसके साथ ही विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं, नागरिक सेवाओं एवं सरकारी प्रक्रियाओं के संबंध में पात्र व्यक्तियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया। आवेदनों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया गया नगरपालिका प्रशासन ने बताया कि शिविर के माध्यम से नागरिकों को पट्टा, एनओसी, जल कनेक्शन, सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी जानकारी दी गई। नगरपालिका प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले जनकल्याणकारी शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आवश्यक सेवाओं का समय पर लाभ प्राप्त करें। शिविर को सफल बनाने में नगरपालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाया।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


