जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज पूरा देश गर्व और गौरव के साथ स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह अवसर हमें उन महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। राठौड़ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का भी दिन है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है। आज आवश्यकता है कि हम राष्ट्रीय चरित्र से युक्त नागरिकों का निर्माण करें और प्रत्येक व्यक्ति में राष्ट्रप्रेम एवं देश के प्रति समर्पण की भावना पैदा करें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, लोकतंत्र में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है। जब देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होगा, तभी हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा और देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का स्वाभिमान और प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। भारत प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। देश रक्षा एवं शस्त्र निर्माण के साथ-साथ औद्योगिक विकास में भी आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। केंद्र सरकार का प्रयास है कि आम नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाया जाए और देश को विकसित भारत के संकल्प की ओर ले जाया जाए। उन्होंने कहा कि आजाद भारत को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। इसके लिए हमें केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करना होगा। समाज को जागरूक एवं संगठित करते हुए एकता की भावना को मजबूत करना होगा, ताकि प्रत्येक नागरिक सशक्त बने और भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़े।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ा है और सरप्लस बिजली की स्थिति हासिल की है। वहीं, जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। यमुना जल समझौते से राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र को लाभ मिलेगा। नर्मदा का पानी गुजरात से राजस्थान के सांचौर तक पहुंचना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। पंजाब से राजस्थान के हिस्से का पूरा पानी प्राप्त करने के लिए भी राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। डबल इंजन की सरकार को केंद्र से पूरा सहयोग मिल रहा है और केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर राजस्थान को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए काम कर रही हैं। राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग को संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं। पुलिसकर्मियों के लिए वाहनों की व्यवस्था से लेकर महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराने जैसे कदम उठाए गए हैं। अपराध के मामलों में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का काम किया है। उन्होंने पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने मीडिया की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि आज मीडिया आम आदमी की आवाज को शासन और समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। सक्षम और जिम्मेदार मीडिया लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी को मिलकर राजस्थान को विकसित राजस्थान बनाने का संकल्प लेना होगा। इसके लिए समाज को जागरूक, संगठित और एकजुट करते हुए प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय चरित्र एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना आवश्यक है।
इस दौरान भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री अजीत मांडण, डॉ अपूर्वा सिंह, आईदान सिंह भाटी, सांसद मंजू शर्मा, जिलाध्यक्ष अमित गोयल, भाजना नेता रवि नैय्यर, महिला आयोग पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुमन शर्मा, कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, सह सचिव भवानी शंकर शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


