आरएमएससीएल के प्रबन्ध निदेशक ने किया राजस्थान संपर्क पोर्टल का निरीक्षण (दवा संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश)
June 25th, 2026 | Post by :- | 18 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजस्थान चिकित्सा सेवाएं निगम लिमिटेड (आरएमएससीएल) के प्रबन्ध निदेशक श्री पुखराज सेन ने बुधवार को राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) के कॉल सेंटर का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना से संबंधित प्राप्त परिवादों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान श्री सेन ने विशेष रूप से ऐसे प्रकरणों की समीक्षा की जिनमें विभागीय कार्रवाई करने के बावजूद परिवादी समाधान से पूर्णतः संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना है और इससे सम्बंधित प्रत्येक परिवाद का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दवा उपलब्धता,आपूर्ति एवं वितरण से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए तथा संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों और अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उनका शीघ्र समाधान किया जाए ताकि आमजन को बेहतर व समय पर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हो सके।
प्रबन्ध निदेशक ने संपर्क पोर्टल के कॉल सेंटर से कोटपुतली-बहरोड़ के विनोद, हनुमानगढ़ के आजाद, जोधपुर के मोहम्मद उस्मान, ब्यावर के आदम, भरतपुर के महेन्द्र सहित विभिन्न जिलों के परिवादियों से बात कर दवा प्राप्ति में आई समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने परिवादियों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्यवाही कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल आमजन और सरकार के बीच प्रभावी संवाद का सशक्त माध्यम है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से आमजन घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराकर उनके शीघ्र समाधान का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।