NH-911 पर लावारिस खड़ी ट्रॉली बनी मौत का कारण, गजसिंहपुर-रायसिंहनगर मार्ग पर हादसों से दहशत; प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
June 22nd, 2026 | Post by :- | 22 Views

गजसिंहपुर,(यश कुमार)। गजसिंहपुर से रायसिंहनगर मार्ग, नेशनल हाईवे 911 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे सड़क के बीचों-बीच लावारिस हालत में खड़ी एक ट्रॉली से टकराकर एक व्यक्ति की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर स्थित कई होटल और ढाबों के बाहर ट्रक, ट्रैक्टर, डंपर तथा अन्य भारी वाहन लंबे समय तक सड़क किनारे खड़े रहते हैं। कई बार ये वाहन सड़क के हिस्से को घेर लेते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। रात के समय पर्याप्त रोशनी और चेतावनी संकेतों के अभाव में यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बार-बार हादसे होने के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि क्या प्रशासन किसी और बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। क्या किसी और परिवार को अपने प्रियजन को खोने के बाद ही जिम्मेदार अधिकारी जागेंगे। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गजसिंहपुर-रायसिंहनगर मार्ग पर तत्काल विशेष अभियान चलाया जाए। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े होने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई की जाए, अवैध पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगाई जाए तथा रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह लापरवाही आगे भी कई निर्दोष लोगों की जान ले सकती है।  पुलिस ने लावारिस ट्रॉली के मालिक की तलाश शुरू कर दी है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।