गजसिंहपुर,(यश कुमार)। अनूपगढ़ क्षेत्र के एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की दवाई लेने जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। गजसिंहपुर बस अड्डे पर घटी इस मार्मिक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वेदप्रकाश पुत्र थानचंद, उम्र 60 वर्ष, निवासी अनूपगढ़, अपने परिजनों और भतीजे मनोहर लाल के साथ दवाई लेने के लिए बस से श्रीगंगानगर जा रहे थे कि रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और बस के गजसिंहपुर पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम गईं। मृत्यु के बाद परिजन वेदप्रकाश को बस से उतारकर गजसिंहपुर बस अड्डे पर ले आए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करीब एक घंटे तक परिजन निजी एंबुलेंस का इंतजार करते रहे। इस दौरान वे मृतक का सिर गोद में रखकर कड़ी धूप में अड्डे पर ही बैठे रहे। भतीजा मनोहर लाल भी बेहद व्यथित अवस्था में वहीं मौजूद रहा। यह मार्मिक दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद काफी देर तक लोग आते-जाते रहे, लेकिन किसी ने भी पुलिस या प्रशासन को सूचना देना उचित नहीं समझा। बाद में कुछ समाजसेवी और दानवीर लोग आगे आए। उन्होंने तत्काल व्यवस्था करवाई और शव को परिजनों सहित अनूपगढ़ स्थित घर के लिए रवाना कराया। घर से दवाई लेने निकले वेदप्रकाश कभी वापस नहीं लौट पाए और बीच सफर में ही उनकी जीवन यात्रा समाप्त हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस और प्रशासन को सूचना दी जाती तो परिजनों को लंबे समय तक इस पीड़ादायक स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। यह घटना आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने और सूचना देने की सामाजिक जिम्मेदारी की भी याद दिलाती है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


