जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भांकरोटा थाना पुलिस ने अपहरण कर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक रिवाल्वर, 6 जिंदा कारतूस और 2 खाली कारतूस के खोल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को चिकारडा निवासी 48 वर्षीय पोखरचंद खटीक जयसिंहपुरा, भांकरोटा स्थित एक ऑटो गैरेज पर अपनी स्कॉर्पियो ठीक करवा रहे थे। इसी दौरान सुमन यादव और उसके साथ आए कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन्हें बिना नंबर की स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर अगवा कर लिया। इसके बाद उनके मोबाइल से बेटे को फोन कर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के सुपरविजन में पुलिस टीम गठित की गई। तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने अपहृत व्यक्ति को करणी विहार क्षेत्र स्थित मोहित कॉटेज, रजनी विहार से दस्तयाब कर लिया। मौके से सुमन यादव, विष्णु गुर्जर और मोनू गुर्जर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुमन यादव ने कथित तौर पर अपहरण की साजिश रची और बाउंसर विष्णु गुर्जर के माध्यम से अन्य बाउंसरों को 50 हजार रुपये की सुपारी दी। अपहरण के बाद पीड़ित के मोबाइल से सिम निकालकर व्हाट्सऐप कॉल के जरिए उसके बेटे से 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। फिरौती में देरी होने पर पीड़ित को रिवाल्वर दिखाकर डराने और मारपीट करने का भी आरोप है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमन यादव (41), विष्णु गुर्जर (22) और मोनू गुर्जर (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और अनुसंधान जारी है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


