मनोज शर्मा,पंचकूला, 11 जून। हिंद संग्राम परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि जिले एवं प्रदेश में स्थापित शहीदों के स्मारकों, मार्गों तथा सूचक बोर्डों के रखरखाव को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों की स्मृतियों का सम्मान बना रहे।
परिषद के प्रतिनिधियों ने सेक्टर-11 और सेक्टर-12 को जोड़ने वाली सड़क पर स्थापित शहीद कैप्टन रोहित कौशल मार्ग के मार्गदर्शक सूचक बोर्ड की दयनीय स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि बोर्ड के आसपास फुटपाथ टूटे हुए हैं, स्थान उबड़-खाबड़ है तथा गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे शहीदों के सम्मान से जुड़े इस स्थल की गरिमा प्रभावित हो रही है।
हिंद संग्राम परिषद के प्रमुख अध्यक्ष एडवोकेट जगपाल सिंह, उपाध्यक्ष पं. वासुदेव नादौन, महासचिव निष्काम चतरथ और वित्त सचिव हरीश शर्मा ने कहा कि शहीदों की स्मृति में स्थापित स्मारकों एवं सूचक बोर्डों का नियमित रखरखाव प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि ऐसे सभी स्थलों की समय-समय पर मरम्मत, सफाई और सौंदर्यीकरण कराया जाए।
परिषद के पदाधिकारियों सुखविंदर बिट्टू, डॉ. सीमा गुप्ता, डॉ. जरनैल सिंह, ट्राइसिटी प्रभारी अवतार सैणी तथा प्रेस सचिव अमित गोयल ने बताया कि परिषद द्वारा “एक पौधा शहीदों के नाम” अभियान निरंतर चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से शहीदों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए श्रद्धांजलि दी जा रही है।
इस अवसर पर परिषद के फाउंडर प्रमुख एवं समाजसेवी विक्रांत शर्मा तथा सलाहकार दिनेश चतरथ ने कहा कि हिंद संग्राम परिषद एक गैर-राजनीतिक एवं विशुद्ध सामाजिक संस्था है, जो राष्ट्र, मानवता और समाज सेवा के कार्यों के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवियों, खिलाड़ियों, शिक्षाविदों, बहादुरी का परिचय देने वाले व्यक्तियों तथा अन्य प्रतिभाओं को हिंद संग्राम समाजसेवी, खेल, शिक्षा एवं बहादुरी सम्मान सहित विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


