जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में विधि एवं विधिक कार्य विभाग द्वारा शनिवार को आयोजित राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस महत्वपूर्ण आयोजन में पाली जिले के लोक अभियोजकों ने भी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी के अनुसार, पाली जिले से लोक अभियोजक सुमेरसिंह राजपुरोहित, विशिष्ट लोक अभियोजक उपमा रावल, अपर लोक अभियोजक चैनसिंह सांखला, शिवराज सिंह, श्रवण सिंह एंव पंकज त्रिवेदी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने कार्यशाला में भाग लिया।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा, राज्य के विधि मंत्री जोगाराम पटेल, महाअधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद तथा पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने अपने विचार रखे। समापन सत्र में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, विधि मंत्री जोगाराम पटेल एवं मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की गरिमामय उपस्थिति रही।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “शीघ्र, त्वरित एवं सुलभ न्याय सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने न्याय व्यवस्था में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता को विकसित राजस्थान की मजबूत नींव बताते हुए आधुनिक तकनीक और नवाचारों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। साथ ही लोक अभियोजकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा भी दिलाया।
कार्यशाला के दौरान नवीन आपराधिक कानूनों, साइबर क्राइम, दिव्यांगजन अधिकारों से जुड़े विधिक प्रावधानों और न्यायिक सुधारों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, अतिरिक्त महाअधिवक्ता, विधि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रदेशभर से आए लोक अभियोजक उपस्थित रहे।





