राजस्थान

जयपुर योग महोत्सव 2026 में योग एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता का होगा समन्वय (1000 से अधिक साधक बनेंगे साक्षी)

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । गुलाबी नगरी जयपुर में आगामी 24 अप्रैल को आयोजित होने वाले “जयपुर योग महोत्सव 2026” की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ़ मेडिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी द्वारा मोरारजी देसाई योग संस्थान आयुष मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए कोर समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता योग एवं एकीकृत चिकित्सा विभाग के निदेशक एवं पूर्व निदेशक, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, प्रोफेसर डॉ. ईश्वर वी. बसवरड्डी ने की। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 100 दिवसीय उलटी गिनती कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण आयोजन है।
*योगाचार्य मनीष सूर्यवंशी ने दी विस्तृत जानकारी:
महोत्सव के मुख्य समन्वयक एवं इंडियन योगा एसोसिएशन राजस्थान के मीडिया संयोजक योगाचार्य मनीष सूर्यवंशी ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव को विशेष रूप से “योग एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के समन्वय” की विषयवस्तु पर आयोजित किया जा रहा है, जो इसे अन्य आयोजनों से विशिष्ट बनाता है। उन्होंने बताया कि प्रातः 6:30 बजे से आयोजित होने वाले सत्र में सामान्य योग प्रोटोकॉल का सामूहिक प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें 1000 से अधिक साधक एक साथ योगाभ्यास कर सामूहिक चेतना का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।
*योग एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर विशेष विचार-विमर्श:
योगाचार्य सूर्यवंशी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि प्रातःकालीन सत्र के पश्चात एक महत्वपूर्ण विचार-विमर्श एवं कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसका विषय होगा—
“स्वास्थ्य सेवा में योग विज्ञान और प्रौद्योगिकी: कृत्रिम बुद्धिमत्ता का समन्वय”
उन्होंने कहा कि इस सत्र में यह समझने का प्रयास किया जाएगा कि—
कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति के लिए व्यक्तिगत योग दिनचर्या किस प्रकार तैयार की जा सकती है
आधुनिक तकनीकों की सहायता से रोगों की रोकथाम एवं प्रबंधन में योग को कैसे अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है
भविष्य में योग को डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली के साथ जोड़कर समाज को नई दिशा कैसे प्रदान की जा सकती है.
*प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति में होगा आयोजन:
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर डॉ. एम. एल. स्वर्णकार के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि कुलपति डॉ. अचल गुलाटी, प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. एन. डी. सोनी तथा मेजर जनरल अनुपम अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
*विभिन्न संस्थाओं का मिल रहा सहयोग*):
योगाचार्य सूर्यवंशी के अनुसार इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए शहर की विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाएं सक्रिय सहयोग प्रदान कर रही हैं, जिनमे ब्रह्मा कुमारीज, आर्ट ऑफ़ लिविंग, क्रीड़ा भारती, योगापीस संस्थान, सूर्यवंशम योगा एंड वैलनेस सेंटर, योगा स्थली सहित अन्य योग एवं वेलनेस संस्थाएं शामिल हैं।
बैठक में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव साझा करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
*सीधा प्रसारण की विशेष व्यवस्था:
योगाचार्य सूर्यवंशी ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों तक इस महोत्सव का लाभ पहुंचाने के लिए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के लोग भी इससे जुड़ सकेंगे। योगाचार्य मनीष ने बताया कि कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले सभी योग प्रेमियों एवं संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएगा, उन्होंने कहा कि “योगः कर्मसु कौशलम्” के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए यह महोत्सव योग को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़कर समाज को स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *