जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर के सांगानेर इलाके में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बीती रात मालपुरा गेट के पास रामदेव मार्केट, डिग्गी रोड स्थित साईं टेलीकॉम दुकान (मालिक मयूर हेमनानी एवं पवन मनवानी) में चोरों ने सेंध लगाकर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन और नकदी चुरा ली। यह घटना व्यापारियों में आक्रोश का कारण बन गई है। सर्व समाज सेवी एवं मीडिया प्रभारी पीयूष बचानी ने बताया कि रात में चोरों ने दुकान में घुसकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। मौके पर व्यापार महासंघ सांगानेर के अध्यक्ष त्रिलोक चौधरी मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा मीडिया प्रभारी पीयूष बचानी और मालपुरा गेट एएसआई रामलाल जी स्पेशल टीम के साथ पहुंचे।
मालपुरा गेट थाना प्रभारी एसएचओ उदयभान यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए कहा कि चोरों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्त में ले लिया जाएगा और चोरी का सामान बरामद कर लिया जाएगा।
घटना के बाद मोबाइल मार्केट करीब 1 बजे तक बंद रहा। स्थानीय व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि 24 घंटे में चोर और चोरी का माल बरामद नहीं होता है, तो वे मालपुरा गेट डिग्गी रोड पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। व्यापार महासंघ अध्यक्ष त्रिलोक चौधरी एवं मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा की समझाइश के बाद व्यापारी माने और अपनी दुकानें खोल लीं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश तेज कर दी गई है। सांगानेर के मोबाइल मार्केट में बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा।





