हिसार बार के लिए गौरवपूर्ण क्षण: सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हिसार के वकील; सीजेआई सूर्यकांत के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल
हिसार, – जिला बार एसोसिएशन हिसार के लिए सोमवार का दिन इतिहास के सुनहरे अक्षरों में दर्ज होने वाला रहा। भारत के नए मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) माननीय न्यायमूर्ति सूर्यकांत के शपथ ग्रहण समारोह में सोमवार को हिसार व हांसी के वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं का एक विशेष प्रतिनिधि दल दिल्ली स्थित सर्वोच्च न्यायालय पहुँचा और इस ऐतिहासिक क्षण का प्रत्यक्ष साक्षी बना।
हिसार बार के पदाधिकारियों प्रधान एडवोकेट संदीप बूरा, सचिव एडवोकेट समीर भाटिया,उप प्रधान एडवोकेट विकास पुनिया,सहसचिव एडवोकेट सुनील भारद्वाज और सहसचिव एडवोकेट सुनील सहदेव सोनी ने बताया कि यह अवसर हर अधिवक्ता के लिए भावुक, प्रेरणादायक और गौरवपूर्ण रहा क्योंकि माननीय जस्टिस सूर्यकांत ने अपने विधिक जीवन की शुरुआत हिसार अदालत से ही की थी। वकीलों की समस्त कार्यकारिणी ने एक सुर में कहा कि किसी ऐसे व्यक्ति को देश की न्यायपालिका के सर्वोच्च पद पर सम्मानित होते देखना जिसने अपनी प्रारंभिक यात्रा हिसार कोर्ट से शुरू की हो पूरे प्रदेश और विशेषकर हिसार बार के लिए अपार सम्मान का विषय है।हिसार के वकीलों के प्रधान एडवोकेट संदीप बूरा और सचिव एडवोकेट समीर भाटिया ने कहा कि जस्टिस सूर्यकांत का संघर्ष, ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता यह सिद्ध करती है कि समर्पण और मेहनत से कोई भी व्यक्ति शिखर तक पहुँच सकता है। अधिवक्ताओं ने उन्हें एक संतुलित, जनहितैषी और न्याय के मूल मूल्यों को सशक्त रूप से स्थापित करने वाले न्यायाधीश के रूप में वर्णित किया।वहीं दल में शामिल वरिष्ठ अधिवक्ता पीके संधीर, अधिवक्ता महेंद्र सिंह नैन, एडवोकेट रोहित कलसन, एडवोकेट अनेंद्र लोरा, एडवोकेट रिंकू खटाना,एडवोकेट आईना खोवाल,एडवोकेट बजरंग इंदल ने यह विश्वास व्यक्त किया कि नए सीजेआई के नेतृत्व में देश की न्यायपालिका और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आम जनता के प्रति संवेदनशील बनेगी। उन्होंने कहा कि न्यायमूर्ति सूर्यकांत की सोच हमेशा न्याय को सरल, सुलभ और समयबद्ध बनाने की रही है। उनके नेतृत्व में न्यायिक सुधारों की गति और तेज होगी विशेषकर लंबित मामलों के निपटान, तकनीक के अधिक उपयोग और आम नागरिक के लिए न्याय को सस्ता व सुलभ बनाने की दिशा में जरूर सार्थक प्रयास होंगे।
हिसार बार के सदस्यों ने यह भी कहा कि जस्टिस सूर्यकांत के अब तक के न्यायिक जीवन में उनके कई ऐतिहासिक निर्णयों ने संविधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संरचना, न्यायिक स्वतंत्रता और आम नागरिक के अधिकारों को मजबूत किया है। इसी कारण पूरे देश में उनकी नियुक्ति का स्वागत उत्साह के साथ किया जा रहा है।इस मोके पर एडवोकेट मंजीत खरोलिया,पंकज गुप्ता,हेमंत शर्मा,ललित,अभिषेक वर्मा,रोहताश रेपसवाल,कार्तिक सांदल,बंसीलाल गोदारा,अमित सैनी ,राजबीर भाटी,मोनिका,योगेश सिहाग,पवन तुंदवाल,आरएस पायल,केसी बाँगर,हरिसिंह सैनी,राजेश कालीरावणा,मीनू शर्मा,मोनिका,दिनेश सैनी ,सतेंद्र,अजय लोहान व अन्य मौजूद रहे ।
⸻
जल्द देंगे सीजेआई को हिसार आने का निमंत्रण
इस अवसर पर हिसार बार प्रधान एडवोकेट संदीप बूरा और सचिव एडवोकेट समीर भाटिया ने इच्छा व्यक्त की कि माननीय सीजेआई सूर्यकांत जल्द ही हिसार आएं और जिला बार एसोसिएशन के सदस्यों को संबोधित करें। इसके लिए हिसार बार एसोसिएशन द्वारा शीघ्र ही एक प्रस्ताव पारित कर औपचारिक निमंत्रण भेजा जाएगा। वकीलों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में इस समारोह में उपस्थित होना उनके लिए जीवनभर की स्मृति और गर्व का क्षण रहेगा।
शपथ ग्रहण के बाद हिसार-हांसी के वकीलों से सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने की मुलाकात
भारत के नए मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) माननीय जस्टिस सूर्यकांत ने अपने ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद हिसार-हांसी के अधिवक्ताओं से विशेष मुलाकात की। यह मुलाकात सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित हुई जिसमें दोनों बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। हिसार और हांसी बार के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने सीजेआई सूर्यकांत को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर जस्टिस सूर्यकांत ने अपने गृह क्षेत्र के वकीलों से मिलकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि न्यायपालिका आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए निरंतर सुधार और पारदर्शिता की दिशा में कार्य करती रहेगी। उन्होंने अधिवक्ताओं के साथ न्यायिक प्रक्रिया, युवा वकीलों के भविष्य, तकनीक के बढ़ते उपयोग, और न्याय वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर खुलकर चर्चा की। जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि वकालत का पेशा समाज और संविधान की मूल आत्मा से जुड़ा है और बार-बेंच की सामंजस्यपूर्ण भूमिका न्याय प्रणाली की सबसे बड़ी शक्ति है। हिसार-हांसी बार के प्रतिनिधियों ने सीजेआई के रूप में जस्टिस सूर्यकांत की नियुक्ति को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया और कहा कि यह पूरे हरियाणा के लिए प्रेरणादायी क्षण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जस्टिस सूर्यकांत के नेतृत्व में न्यायपालिका नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। मुलाकात सौहार्दपूर्ण और ऐतिहासिक रही जिसमें क्षेत्रीय अधिवक्ताओं ने अपने पूर्व सीनियर, मार्गदर्शक और आज देश के सर्वोच्च न्यायिक पद पर आसीन माननीय जस्टिस सूर्यकांत का सम्मान किया।
हिसार बार के प्रधान और सचिव राष्ट्रपति भवन में रहे मौजूद
जिला बार एसोसिएशन हिसार के प्रधान एडवोकेट संदीप बुरा और सचिव एडवोकेट समीर भाटिया राष्ट्रपति भवन में आयोजित सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत के ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों पदाधिकारियों ने समारोह में हिसार बार की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए जस्टिस सूर्यकांत को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जस्टिस सूर्यकांत का सीजेआई बनना हरियाणा विशेषकर हिसार के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उनकी उपस्थिति को बार ने भी सम्मान और गर्व का विषय बताया ।




