ढाबे की आड़ में चिट्टा बेचने के आरोप में एचएसएनसीबी ने गांव बारना से दो युवक गिरफ्तार किए; आरोपियों के पास से 9.55 ग्राम हेरोइन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
November 21st, 2026 | Post by :- | 13 Views

कुरुक्षेत्र, 20 नवंबर 2026   ( सुरेश पाल )  ।     हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की कुरुक्षेत्र यूनिट ने नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए गांव बारना के पास कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर दो आरोपियों को 9.55 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों की मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है। इस संबंध में थाना केयूके, जिला कुरुक्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नयन उर्फ सोनू पुत्र सत्यवान, निवासी गांव बारना, जिला कुरुक्षेत्र और नरेन्द्र उर्फ नंदू पुत्र सुल्तान सिंह, निवासी गांव सारसा, जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है।

गुप्तचर की सूचना पर कार्रवाई

यूनिट इंचार्ज एसआई गुरनाम सिंह ने जानकारी देते हुए कहा की उनकी टीम कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर नशा विरोधी गस्त पर थी कि तभी एक गुप्तचर ने सूचना दी कि नयन उर्फ सोनू और नरेन्द्र उर्फ नंदू मिलकर गांव बारना के अड्डे पर “यारा दा अड्डा” नाम से ढाबा चलाते हैं। सूचना के अनुसार दोनों ढाबे की आड़ में हेरोइन (चिट्टा) बेचने का काम करते हैं और आज मोटरसाइकिल पर नरवाना से चिट्टा लेकर अपने ढाबे पर आ रहे है। सूचना थी कि ढाबे के बाहर नाकाबंदी कर तलाशी ली जाए तो आरोपियों से नशीला पदार्थ बरामद हो सकता है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए टीम ने तुरंत कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर गांव बारना में “यारा दा ढाबा” के पास निगरानी शुरू की।

आरोपियों को काबू किया, 9.55 ग्राम हेरोइन बरामद

कुछ देर बाद मोटरसाइकिल पर आते दो युवक दिखाई दिए। टीम ने उन्हें काबू कर लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम नरेन्द्र उर्फ नंदू और पीछे बैठे युवक ने नयन उर्फ सोनू बताया। टीम ने मौके पर राजपत्रित अधिकारी को बुलाया।  जिनके निर्देश पर आरोपियों की तलाशी ली गई। तलाशी में नरेन्द्र उर्फ नंदू की जींस की जेब से सफेद रंग की पॉलीथिन मिली, जिसमें हल्के पीले रंग का ठोस पदार्थ था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने इसे हेरोइन (चिट्टा) बताया। डिजिटल कांटे पर पॉलीथिन सहित इसका कुल वजन 9.55 ग्राम पाया गया, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत इंटरमीडिएट क्वांटिटी की श्रेणी में आता है। पुलिस ने आरोपियों के द्वारा प्रयोग की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया।

आगामी कार्रवाई

मामले की प्रारंभिक जांच करते हुए एचएसएनसीबी की कुरुक्षेत्र यूनिट ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आरोपियों को थाना केयूके के हवाले कर दिया है। जहां पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशे के स्रोत और सप्लायर तक पहुंचने का प्रयास करेगी।

आमजन से अपील

एसआई गुरनाम सिंह ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की कोई भी जानकारी एचएसएनसीबी हेल्पलाइन 9050891508 या मानस टोल-फ्री हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

 

https://www.youtube.com/@LokhitExpress

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।