जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर कमिश्नरेट के शिवदासपुरा थाना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के लगातार संगठित तरीके से अपराध करने के चलते मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) (लघु संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के अनुसार, शहर में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (चाकसू) भवानी सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश गौतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
थाने में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे की जांच के दौरान टीम ने तकनीकी विश्लेषण की मदद से तीन आरोपियों को चिह्नित कर डिटेन किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के बताए अनुसार झालावाड़ और मध्य प्रदेश बॉर्डर के गांवों (ग्राम आमेठा, अकलेरा) से चोरी की गई 9 बाइकें बरामद कीं। अधिकांश वाहन महात्मा गांधी अस्पताल (सीतापुरा) व आसपास के इलाकों से चुराए गए थे।
पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है, जिससे वाहन चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


