​प्रेमी के कहने पर घर से लाखों के गहने चुराने वाली नौकरानी गिरफ्तार,13 लाख के जेवरात बरामद
October 31st, 2026 | Post by :- | 18 Views
​प्रेमी के कहने पर घर से लाखों के गहने चुराने वाली नौकरानी गिरफ्तार,13 लाख के जेवरात बरामद

​जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी जयपुर के एसएमएस अस्पताल (SMSH) थाना पुलिस ने गंगवाल पार्क स्थित एक मकान में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए घरेलू नौकरानी को गिरफ्तार किया है। आरोपिया ने यह वारदात अपने प्रेमी के कहने पर अंजाम दी थी। पुलिस ने नौकरानी के कब्जे से करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने-हीरे के जेवरात बरामद कर लिए हैं।
​पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 24 अगस्त 2026 को गंगवाल पार्क निवासी परिवादी किशन (53) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनके घर में काम करने वाली नौकरानी 12 मई से 4 अगस्त 2026 के बीच डेढ़ लाख रुपये नकद, हीरे व सोने की चूड़ियां, श्रीनाथ जी का सोने का पैंडल, करीब 10-12 सोने की अंगूठियां, चांदी का सामान और एक सोने की घड़ी चोरी कर ले गई। इस पर धारा 306 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन और एसीपी गांधीनगर नारायण सिंह बाजिया के सुपरविजन में थानाधिकारी जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और नौकरानी के मोबाइल नंबरों की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध नौकरानी सोनम सैनी से गहन पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपिया कुमारी सोनम सैनी (20) पुत्री रूपचंद सैनी, निवासी नसीरपुर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 2 सोने की चूड़ियां, हीरे का हार और 1 सोने की अंगूठी बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये है। मामले में वारदात की साजिश में शामिल आरोपिया के प्रेमी की तलाश की जा रही है।
​कार्यवाही में पुलिस टीम के कांस्टेबल मुकेश कुमार और शांतिलाल की विशेष भूमिका रही।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।