जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर कमिश्नरेट के पुलिस जिला दक्षिण ने अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अहम कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में जब्त किए गए नशीले पदार्थों का निस्तारण किया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों से जब्त किए गए गांजा, स्मैक और एमडी ड्रग्स को औषधि व्ययन समिति की निगरानी में नियमानुसार नष्ट करवाया गया। नष्ट किए गए इन मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 42 लाख 03 हजार 250 रुपये आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 7 प्रमुख थानों—सोडाला, मानसरोवर, श्याम नगर, शिवदासपुरा, शिप्रापथ, मुहाना एवं सांगानेर सदर द्वारा विभिन्न कार्यवाहियों के दौरान भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए थे।
अदालती और विधिक औपचारिकताओं के बाद स्वापक औषधि/मनःप्रभावी पदार्थ और नियंत्रण पदार्थ निस्तारण योग्य प्रकरणों का चयन किया गया। इसके बाद औषधि व्ययन समिति, जयपुर (दक्षिण) की देखरेख में धारा 52ए एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत तय प्रक्रिया अपनाते हुए इन्हें भट्टी में जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया।
डीसीपी साउथ ने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जयपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


