शिप्रापथ थाना पुलिस ने शातिर नकबजन गैंग का किया पर्दाफाश,2 गिरफ्तार व 1 बाल अपचारी निरुद्ध
October 4th, 2026 | Post by :- | 15 Views

​जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । जयपुर दक्षिण पुलिस उपायुक्त श्री राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन में शिप्रापथ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर नकबजन गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के सरगना सुनील पांचाल और बैजनाथ कुमार मुखिया उर्फ राज को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। आरोपियों के पास से चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
​28 सितंबर 2026 को गायत्री नगर-B (महारानी फार्म, दुर्गापुरा) निवासी पराग कछवाहा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 सितंबर को वे परिवार सहित पुष्कर गए थे। 27 सितंबर की रात बदमाशों ने चारदीवारी फांदकर और मकान के ताले तोड़कर लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल, स्पीकर व चांदी के सामान की चोरी कर ली।
​घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री ललित कुमार शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) श्री हेमेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
​टीम ने घटनास्थल और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपियों के हुलिए और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस थाना मुहाना क्षेत्र के सुमेर नगर में भी नकबजनी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया है।
आरोपी अस्थाई झुग्गी-झोपड़ियों में रहते हैं और नशे के आदी हैं। वे दिन में सूने मकानों की रेकी करते थे और रात के समय पैदल जाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।