*जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कालीचरण सराफ के जन्मदिवस के अवसर पर चिकित्सा शिविर सहित जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जयपुर नगर निगम महापौर श्री सुनील कोठारी एवं विधायक श्री कालीचरण सराफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। महापौर श्री सुनील कोठारी ने विधायक श्री सराफ को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके जनसेवा के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक श्री कालीचरण सराफ ने शिविर स्थल पर स्थित भवन के विकास एवं आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए विधायक कोष से राशि आवंटित करने की घोषणा की। इस पहल से क्षेत्र में जनसुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
कार्यक्रम में वार्ड 87 की पार्षद प्रतिभा शर्मा ने कहा कि चिकित्सा शिविर जैसे जनकल्याणकारी आयोजन समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सेवा भावना को मजबूत करते हैं। जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और जनहित के कार्यों में सहभागिता निभाना जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण दायित्व है।
*गांधी जयंती पर श्रमदान,दीपावली तक जारी रहेगा स्वच्छता अभियान*
गांधी जयंती के अवसर पर पार्षद प्रतिभा शर्मा ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को आत्मसात करना और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित राजस्थान के विजन को साकार करने के उद्देश्य से जयपुर में 1 अक्टूबर से विशेष स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान प्रारंभ किया गया है, जो दीपावली तक निरंतर जारी रहेगा।
अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से विभिन्न क्षेत्रों में श्रमदान किया जा रहा है। गांधी जयंती के अवसर पर भी जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा आमजन को अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।
*स्वच्छता केवल अभियान नहीं, प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी :प्रतिभा शर्मा*
पार्षद प्रतिभा शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल घरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सड़कों, गलियों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी इसका प्रभाव दिखाई देना चाहिए। स्वच्छ एवं सुंदर जयपुर का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
उन्होंने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, कचरे के उचित संग्रहण एवं निस्तारण तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए हूपर व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सफाई कर्मचारियों की डबल शिफ्ट में तैनाती का निर्णय लिया गया है।
पार्षद प्रतिभा शर्मा ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के समन्वय से जयपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है। उन्होंने वार्डवासियों सहित समस्त जयपुरवासियों से स्वच्छता के इस जनअभियान में सहभागी बनकर स्वच्छ एवं स्वस्थ जयपुर के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


