जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि निकाय चुनावों को लेकर पार्टी स्तर पर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पूरी गंभीरता और व्यापक विचार-विमर्श के साथ हुई है। जयपुर डिवीजन के उम्मीदवारों को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि शनिवार को अलवर संभाग के दो जिलों के संबंध में चर्चा हुई थी, जबकि आज जयपुर सहित पूरे जयपुर संभाग के जिलों के उम्मीदवारों पर एक-एक कर विचार-विमर्श किया गया।
डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि पार्टी में उम्मीदवार चयन को लेकर किसी प्रकार का गतिरोध नहीं है। भाजपा विभिन्न स्तरों पर प्राप्त सर्वे के परिणामों का अध्ययन के बाद टिकट जारी करती है। इसके साथ ही पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद एवं परामर्श के आधार पर सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवारों के चयन पर मोहर लगाई जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के बाद ही पूरी पारदर्शिता के साथ सिंबल दिए जाएंगे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने कहा कि जयपुर में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनेगा। पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर व्यापक विचार-विमर्श के बाद उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। जयपुर के विधायकों, मंत्रियों, पूर्व विधायकों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सर्वसम्मति से नामों पर चर्चा की गई है। सभी की राय और सर्वे के आधार पर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। डॉ. सैनी ने कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा अपने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएगी। जयपुर को सुरक्षित, स्वच्छ और हरित बनाने के संकल्प के साथ भाजपा आगे बढ़ रही है। शहर के सुनियोजित विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और स्वच्छ वातावरण के लिए भाजपा का स्पष्ट विजन है और जनता के आशीर्वाद से जयपुर में एक बार फिर भाजपा का बोर्ड बनेगा।
डॉ. सैनी ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी तथा पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने जनहित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार का बजट ज्ञान और विकास आधारित है, जिसमें गरीब, युवा, महिला और किसान सहित समाज के सभी वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी गई है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


