जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजस्थान की संस्कृति, स्वाभिमान और पारंपरिक पहचान को समर्पित गीत ‘पगड़ी ऊँची मूँछ पे मरोड़’ का भव्य विमोचन जयपुर स्थित साइंस पार्क में आयोजित समारोह में किया गया। एसआरके फिल्म प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रस्तुत इस गीत के विमोचन समारोह में कला, संस्कृति और मनोरंजन जगत से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों एवं गणमान्य लोगों ने शिरकत की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सचिवालय के पूर्व वरिष्ठ उपसचिव महेश व्यास रहे। उन्होंने विधिवत रूप से गीत का विमोचन किया। वहीं पंकज ओझा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद गीत की टीम और कलाकारों का परिचय कराया गया। गीत की प्रस्तुति में राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति, पगड़ी और मूंछ की शान तथा राजस्थानी स्वाभिमान की झलक देखने को मिली।
गीत में अभिमन्यु राजपुरोहित ने नायक की मुख्य भूमिका निभाई है, जबकि ऋतुराज सिंह राठौर नायिका की भूमिका में नजर आईं। अपेक्षा व्यास और जया शर्मा ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। वहीं वीरू कंवर की विशेष एंट्री आकर्षण का केंद्र रही।
राजस्थान के जाने-माने कलाकार उग्रसेन तंवर ने भी गीत में प्रभावशाली भूमिका निभाई। उनके राजस्थानी अंदाज और अभिनय को उपस्थित लोगों ने सराहा।
इस अवसर पर गीत की निर्माता एवं लेखिका डॉ. भावना शर्मा और निर्देशक राजवीर सिंह भाटी सहित पूरी टीम के सदस्य मौजूद रहे।
राजस्थान की संस्कृति और स्वाभिमान को समर्पित है गीत
‘पगड़ी ऊँची मूँछ पे मरोड़’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि राजस्थान की आन-बान-शान और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करने का प्रयास है। गीत के जरिए प्रदेश की परंपराओं, पगड़ी और मूंछ के गौरव तथा राजस्थानी पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का संदेश दिया गया है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।
