जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण में मतदान करने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। राठौड़ ने कहा कि पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण में मतदान प्रतिशत का रुझान भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत को स्पष्ट संकेत दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं का उत्साह, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी और भाजपा के प्रति विश्वास यह दर्शाता है कि जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति के साथ खड़ी है। राठौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि पंचायत चुनावों के चौथे चरण में भी प्रदेश की जनता भाजपा को व्यापक समर्थन प्रदान करेगी और प्रदेश में पार्टी की विकासोन्मुखी नीतियों को और मजबूती मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचा है और लोगों का केंद्र सरकार के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। भाजपा की राजनीति अंत्योदय के ध्येय के साथ काम करती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य कर रहे हैं, फिर चाहे वो किसान कल्याण हो, महिला सशक्तीकरण हो, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना हो या फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्धता। हर क्षेत्र में हर वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए भाजपा सरकार कार्य कर रही है। ग्राम विकास के संकल्प पत्र के साथ भारतीय जनता पार्टी ने अपना विजन स्पष्ट कर दिया है और उसी आधार पर प्रदेश की जनता बढ़चढ़ कर मतदान कर रही है। प्रदेश की जनता विकास, पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है, जिससे भाजपा की जीत की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।
