पार्टियों ने नहीं खोले पत्ते, दावेदारों ने तेज की नामांकन की तैयारी, समर्थकों के साथ पर्चा भरेंगे प्रत्याशी, सूची का इंतजार
August 29th, 2026 | Post by :- | 10 Views
पार्टियों ने नहीं खोले पत्ते, दावेदारों ने तेज की नामांकन की तैयारी, समर्थकों के साथ पर्चा भरेंगे प्रत्याशी, सूची का इंतजार

गजसिंहपुर,(यश कुमार)। नगरपालिका चुनावों की सरगर्मियों के बीच गजसिंहपुर में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। हालांकि अभी तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने प्रत्याशियों की सूची की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन विभिन्न वार्डों में चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों ने नामांकन प्रक्रिया को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं जानकारी के अनुसार भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की ओर से अभी तक 20 वार्डों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की गई है। सूची जारी न होने के बावजूद संभावित प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर पूरी तैयारी में जुटे हैं। समर्थकों से संपर्क, प्रस्तावकों के दस्तावेज तैयार करना और नामांकन फार्म पूरा करने की कवायद तेजी से चल रही है सूत्रों के अनुसार कई दावेदार अपने समर्थकों के काफिले के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगे। शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन भरने की तैयारी है, जिसके बाद चुनावी माहौल और अधिक गर्माने की संभावना है। कई वार्डों में एक ही दल से 3 से 4 दावेदार नामांकन भरने की तैयारी में हैं। नगरपालिका चुनाव को लेकर कस्बे में चर्चाओं का दौर तेज है और विभिन्न वार्डों में संभावित उम्मीदवार अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हुए हैं। राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी होने का भी सभी को बेसब्री से इंतजार है। माना जा रहा है कि सूची जारी होने के बाद कई वार्डों में बगावत और निर्दलीय ताल ठोकने की स्थिति भी बन सकती है। फिलहाल प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा के बाद ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।