गजसिंहपुर,(यश कुमार)। नगर निकाय चुनावों को लेकर गजसिंहपुर में राजनीतिक हलचल चरम पर पहुंच गई है। नगर के 20 वार्डों में पार्षद पद के लिए दावेदारी जताने वालों की संख्या करीब 200 तक पहुंच गई है, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। कस्बे के व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संभावित प्रत्याशी लगातार अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। अपनी फोटो, जनसंपर्क और समर्थकों के साथ पोस्ट डालकर माहौल बनाया जा रहा है। कई वार्डों में एक ही पार्टी से 4 से 5 दावेदार सामने आने से टिकट वितरण को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। एक से अधिक दावेदार सामने आने के कारण भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के सामने टिकट वितरण को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। वहीं, टिकट न मिलने की आशंका के चलते बड़ी संख्या में दावेदार निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी में भी जुटे हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय नजर आ रहे हैं। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया में अब केवल एक दिन शेष है। ऐसे में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जनसंपर्क बढ़ाने और अपनी मजबूत दावेदारी जताने में जुटे हुए हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर दावेदारी जताने वाले सभी लोग चुनाव मैदान में उतरेंगे या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि 20 वार्डों में आखिर कितने प्रत्याशी वास्तव में चुनाव मैदान में उतरते हैं और किन वार्डों में मुकाबला रोचक व त्रिकोणीय होगा। फिलहाल इतना तय है कि 20 वार्डों में करीब 200 दावेदारों की सक्रियता ने गजसिंहपुर नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियों को चरम पर पहुंचा दिया है और आने वाले दिनों में चुनावी तस्वीर और भी दिलचस्प होने वाली है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


