जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । पुलिस आयुक्तालय जयपुर के जिला जयपुर पूर्व पुलिस ने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए एक विशेष निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में 400 से अधिक पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर का आयोजन डीजीपी/आईजीपी पुलिस सम्मेलन-2024 की सिफारिश संख्या-12 की अनुपालना में तथा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर चल रहे दो वर्षीय कार्यक्रमों के अंतर्गत किया गया। यह शिविर पुलिस उपायुक्त, जयपुर पूर्व के सभागार में मेट्रो मास हॉस्पिटल, मानसरोवर के सहयोग से आयोजित किया गया।
अस्पताल के अनुभवी चिकित्सकों एवं विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने जिला जयपुर पूर्व में पदस्थापित पुलिसकर्मियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। शिविर में स्वस्थ जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, खान-पान और दैनिक दिनचर्या से जुड़े आवश्यक सुझाव भी दिए गए। जरूरत पड़ने पर आगे की जांच एवं उपचार के संबंध में भी मार्गदर्शन किया गया।
पुलिस उपायुक्त, जयपुर पूर्व ने मेट्रो मास हॉस्पिटल की चिकित्सक एवं सहयोगी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित देखभाल और समय पर चिकित्सकीय परामर्श न केवल उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए, बल्कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ एवं निरोगी पुलिसकर्मी अपनी कार्यक्षमता और कर्तव्य निर्वहन की क्षमता में वृद्धि करते हैं।
जयपुर पूर्व पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य एवं जनकल्याण को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


