जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । परकोटा क्षेत्र से बहुसंख्यक वर्ग के कथित पलायन को रोकने और जयपुर की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की मांग को लेकर रविवार को युवा शक्ति मंच राजस्थान के आह्वान पर विशाल भगवा आक्रोश रैली निकाली गई। खोले के हनुमान जी मंदिर से शुरू हुई रैली में देशभर से आए संत-महंतों के साथ बड़ी संख्या में युवा और आमजन शामिल हुए। हनुमान चालीसा पाठ के बाद जयपुर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा और रामदास महाराज ने भगवा झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली गंगापोल रोड, जोरावर सिंह गेट, सुभाष चौक, चांदी की टकसाल, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया, किशनपोल बाजार और अजमेरी गेट होते हुए रामनिवास बाग पहुंची तथा अल्बर्ट हॉल के सामने इसका समापन हुआ। मार्ग में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पुष्पवर्षा और स्वागत किया गया। रैली में सबसे आगे भगवा वस्त्रों में 2100 महिलाएं चल रही थीं। आयोजकों के अनुसार 10 हजार से अधिक दोपहिया और 500 से ज्यादा चौपहिया वाहन भी शामिल हुए। पूरे मार्ग में भगवा ध्वज और जय श्रीराम के जयघोष गूंजते रहे। प्रदेश संयोजक सुनील सिंह शेखावत ने कहा कि जयपुर की सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों की धरोहर है, जिसका संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


