गजसिंहपुर,(यश कुमार) । निकाय चुनाव में कांग्रेस को शानदार जीत दिलाने के बावजूद गजसिंहपुर कांग्रेस में अंतर्कलह खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस कमेटी नगरमंडल गजसिंहपुर के अध्यक्ष मेघराज खत्री ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है खत्री ने बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी श्रीगंगानगर के जिलाध्यक्ष को इस्तीफा पत्र भेजकर पद से कार्यमुक्त किए जाने का आग्रह किया है। अपने इस्तीफा पत्र में मेघराज खत्री ने कहा कि उन्होंने और उनके परिवार ने लंबे समय से कांग्रेस पार्टी की विचारधारा एवं संगठन के प्रति निष्ठा रखते हुए कार्य किया है। हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने तथा कांग्रेस का बोर्ड गठित करवाने के लिए उन्होंने अपने साथियों के साथ युद्ध स्तर पर प्रयास किया और वह प्रयास कामयाब भी हुआ। परिणाम स्वरूप वार्डों में 13 कांग्रेस पार्षदों ने शानदार जीत अर्जित की। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक द्वारा उनके तथा स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के वर्षों के संघर्ष, त्याग एवं चुनाव में किए गए योगदान को अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया। खत्री ने कहा कि नगर पालिका बोर्ड के गठन जैसे महत्वपूर्ण विषय में स्थानीय संगठन एवं कार्यकर्ताओं से उचित विचार-विमर्श किए बिना निर्णय लिए जाने का प्रयास किया जा रहा है। इन परिस्थितियों से उन्हें व्यक्तिगत रूप से पीड़ा हुई है तथा जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए वर्षों से कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर कांग्रेस पार्टी एवं संगठन के हित में कार्य किया और पार्टी अनुशासन तथा वरिष्ठ नेताओं का सम्मान भी किया है, लेकिन कार्यकर्ताओं की अनदेखी अब बर्दाश्त से बाहर है।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे editorlokhit@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


