थान्देवाला में ग्रामीण सेवा शिविर संपन्न, 280 ग्रामीणों ने उठाया एक छत के नीचे योजनाओं का लाभ
June 29th, 2026 | Post by :- | 12 Views

गजसिंहपुर,(यश कुमार)। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार राज्यभर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत ग्राम पंचायत थान्देवाला के राजीव गांधी सेवा केंद्र में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। प्रमुख शासन सचिव राजस्व विभाग जयपुर के पत्रांक एवं उपखंड अधिकारी पदमपुर के आदेश की अनुपालना में आयोजित इस शिविर में सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गईं। शिविर का आयोजन विकास अधिकारी पंचायत समिति रायसिंहनगर छगनाराम व नायब तहसीलदार गजसिंहपुर सुश्री सपना सोनी की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान भूअभिलेख निरीक्षक विक्रम सिंह, पंचायत प्रसार अधिकारी जाफर अली, ग्राम विकास अधिकारी कुलदीप सिंह, वरिष्ठ सहायक नवजोत सिंह, हल्का पटवारी देवेन्द्र सिंह बीका सहित ग्राम पंचायत की प्रशासकीय समिति के सदस्य व सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में कुल 280 ग्रामीणों ने भाग लिया। पंचायत राज विभाग द्वारा प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत 15 वर्षों से वंचित परिवारों को आवासीय पट्टे व प्रॉपर्टी पार्सल जारी किए गए। ग्राम पंचायत द्वारा कुल 4 नए पट्टे जारी किए गए जबकि 3 पट्टों का नवीनीकरण किया गया। इससे वर्षों से मालिकाना हक का इंतजार कर रहे परिवारों को बड़ी राहत मिली। शिविर में विभिन्न विभागों ने तत्परता से कार्य करते हुए ग्रामीणों को लाभ पहुंचाया राजस्व विभाग – 32 नामांतरण, 21 शुद्धिकरण, 4 खाता विभाजन, 1 एफआरसी प्रकरण निस्तारित। 4 जाति प्रमाण पत्र व 4 मूल निवास प्रमाण पत्र जारी। 60 लोगों को गिरदावरी ऐप की जानकारी दी गई। पशुपालन विभाग मुख्यमंत्री मंगला बीमा पॉलिसी के तहत 20 पशुपालकों को लाभ, 240 पशुओं का टीकाकरण। कुल 72 पशुपालक लाभान्वित। चिकित्सा विभाग – राजकीय आयुर्वेद औषधालय व स्वास्थ्य विभाग द्वारा 29 रोगियों का उपचार। स्वास्थ्य जांच शिविर में 75 लाभार्थियों की जांच की गई। महिला एवं बाल विकास, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 6 महिलाओं का पंजीकरण। कृषि विभाग, 47 किसानों को मिनी किट से लाभान्वित किया गया। ऊर्जा विभाग, 10 विद्युत संबंधी प्रकरणों का मौके पर निस्तारण, परिवहन विभाग – वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा पास जारी किए गए। ग्राम पंचायत प्रशासक श्रीमति इंद्रा देवी ने बताया कि शिविर के कारण ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। सभी विभागों के अधिकारी एक साथ उपस्थित होने से ग्रामीणों के कार्य तत्काल हो सके। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि राज्यभर में 12 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।