गजसिंहपुर,(यश कुमार)। सीमाजन कल्याण समिति की तहसील स्तरीय बैठक तहसील अध्यक्ष प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष चिमनलाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे जबकि जिला अध्यक्ष श्रीगंगानगर ज्योति बिश्नोई विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक का शुभारंभ मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। मुख्य अतिथि चिमनलाल शर्मा ने समिति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सीमाजन कल्याण समिति का गठन राज्य की बॉर्डर सीमा पर हो रही अनाधिकृत गतिविधियों को रोकने के लिए किया गया है। समिति के कार्यकर्ता सीमा सुरक्षा बलों के साथ मिलकर देश की सीमा पर नजर रखने का कार्य करते हैं उन्होंने चिंता जताई कि गत कई वर्षों से सीमा पर आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं और अनैतिक रूप से नशे की खेपें आ रही हैं। इनकी निगरानी के लिए समिति के प्रत्येक कार्यकर्ता को सतर्क रहने की आवश्यकता है। शर्मा ने कहा कि हमें सीमा पर आपसी भाईचारा बढ़ाना, पर्यावरण की देखभाल करना और समाज में सामंजस्य पैदा करना है। देश में सुख और समृद्धि के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। समय-समय पर सीमा पर जाकर हमारे जवानों का हौसला भी बढ़ाना चाहिए जिला अध्यक्ष ज्योति बिश्नोई ने संगठन की संरचना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के चार जिले अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगते हैं और इनमें सीमाजन कल्याण समिति सक्रिय रूप से कार्य करती है। श्रीगंगानगर जिले की 6 तहसीलों में समिति की कमेटियां गठित हैं। इसके नीचे शक्ति केंद्र और ग्रामीण इकाइयां हैं जो एक सजग प्रहरी की तरह संगठन के रूप में कार्य करती हैं। बैठक में गजसिंहपुर इकाई के शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर इंद्र कुमार, सतपाल सिंह चानी, सुखजीवन सिंह, जिला मंत्री महेश शर्मा, खजान चंद, लखबीर सिंह व गुरुचरण सिंह सहित तहसील के समस्त कार्यकर्ता उपस्थित थे कार्यक्रम के अंत में सभी को जलपान कराया गया। समापन पर तहसील अध्यक्ष प्रमोद बिश्नोई ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।


