ट्रैफिक रोककर पुलिसकर्मियों ने बचाई घायल कबूतर की जान (पेश की इंसानियत की मिसाल)
June 21st, 2026 | Post by :- | 24 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी जयपुर के छोटी चौपड़ क्षेत्र में शनिवार को मानवता और संवेदनशीलता की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। कोतवाली थाना क्षेत्र के बाहर सड़क पर मांझे से घायल एक कबूतर तड़पता हुआ दिखाई दिया। व्यस्त यातायात के बीच घायल पक्षी की जान खतरे में थी, लेकिन मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार,छोटी चौपड़ पर ड्यूटी दे रहे ट्रैफिक कांस्टेबल मुकेश की नजर सड़क पर घायल पड़े कबूतर पर पड़ी। उन्होंने तुरंत दौड़कर यातायात को रुकवाया और कबूतर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए 108 मोटरसाइकिल एंबुलेंस सेवा को सूचना दी।
मौके पर पहुंची एंबुलेंस टीम ने घायल कबूतर को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और आगे के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिसकर्मी की इस संवेदनशील पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर मांझे की चपेट में आकर पक्षी घायल हो जाते हैं, ऐसे में ट्रैफिक कांस्टेबल मुकेश द्वारा दिखाई गई मानवता और जिम्मेदारी समाज के लिए एक प्रेरणा है।
छोटी चौपड़ पर ट्रैफिक के बीच एक बेजुबान पक्षी की जान बचाकर पुलिसकर्मियों ने यह साबित कर दिया कि इंसानियत और संवेदनशीलता आज भी जीवित है।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।