मन की बात” केवल एक कार्यक्रम नहीं,बल्कि समाज को जागरूक करने और सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देने वाला अभियान:— मदन राठौड़
जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात का प्रत्येक संस्करण देशवासियों को प्रेरणा, ज्ञान और सकारात्मक सोच का संदेश देता है। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम के 134वें संस्करण का सामूहिक श्रवण करने के बाद राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार समाज को नई दिशा देने वाले हैं तथा जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश की प्रतिभाओं, नवाचार, युवा शक्ति, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा जनसहभागिता से होने वाले सकारात्मक परिवर्तनों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में दौड़ प्रतियोगिता में 10.1 सेकंड में रिकॉर्ड बनाने वाले प्रतिभाशाली युवाओं की चर्चा कर प्रधानमंत्री ने देश की उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का कार्य किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौर में शरबत एवं पारंपरिक पेय पदार्थों के महत्व, पेयजल संरक्षण, जल संचयन, जल संकट के समाधान, नदियों की स्वच्छता, तैराकी सीखने तथा दिव्यांगजनों को तैराकी से जोड़ने जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण संदेश दिए। इसके साथ ही आम सहित भारतीय फलों और स्थानीय उत्पादों के महत्व का उल्लेख कर ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को और मजबूत किया। राठौड़ ने कहा कि “मन की बात” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देने वाला अभियान है। इससे देशभर के लोगों के उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी मिलती है और जनसेवा के लिए नई ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से यदि अन्य लोग भी प्रेरणा लेते हैं तो यह लोकतंत्र और समाज के लिए स्वागतयोग्य बात है। राठौड़ ने बताया कि मन की बात कार्यक्रम में कई युवा, सेवानिवृत्त कर्मचारी साइकिल से कार्यालय पहुंचे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजनीति में मर्यादित भाषा और स्वस्थ संवाद की आवश्यकता पर बल देते हुए राठौड़ ने कहा कि शब्दों की गरिमा लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। विपक्ष का दायित्व सरकार का विरोध करना है और प्रबलता से अपनी बात रखना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन शब्दों का चयन ऐसा होना चाहिए जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि भाषा की शालीनता और संवाद की संस्कृति को बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता सशक्त विपक्ष और स्वस्थ राजनीतिक विमर्श में निहित है। विचारों का मतभेद लोकतंत्र की शक्ति है, लेकिन व्यक्तिगत कटुता और अमर्यादित शब्दावली लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करती है। इसलिए राजनीतिक जीवन में संयमित भाषा, शिष्टाचार और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। मन की बात कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में गृहराज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, पूर्व नेताप्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ , भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी, सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, अजीत मांढण, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, भाजपा आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा, प्रकोष्ठ और विभागों के अध्यक्ष—संयोजक तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहें।





