गजसिंहपुर,(यश कुमार)। श्रीगंगानगर जिले में नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गजसिंहपुर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सीआई शालु बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 44,530 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसपी हरिशंकर यादव के दिशा निर्देशन में गजसिंहपुर थानाधिकारी सीआई शालु बिश्नोई ने टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार उर्फ तन्नु पुत्र अशोक कुमार अरोड़ा, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 07 गजसिंहपुर को पकड़ा। उसके कब्जे से प्रतिबंधित टेपेंडाडॉल 100 एमजी की कुल 44,530 टेबलेट्स बरामद की गईं। कार्रवाई के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर सुखदीप कौर भी मौके पर उपस्थित रहे। जब्त की गई टेबलेट्स को जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशे के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस कार्रवाई में सीआई शालु बिश्नोई के साथ एएसआई गुलाराम मीणा, कांस्टेबल विकास और कांस्टेबल अम्बालाल शामिल रहे थाना अधिकारी शालु बिश्नोई ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।



