(जयपुर में बड़ा सड़क हादसा) VIP मूवमेंट के दौरान खड़े वाहनों में घुसी तेज रफ्तार स्लीपर बस,6 घायल
जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । राजधानी जयपुर के सीकर रोड स्थित सनसिटी के पास शनिवार शाम VIP मूवमेंट के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। ट्रैफिक रुकवाकर खड़े किए गए वाहनों की कतार में एक तेज रफ्तार प्राइवेट स्लीपर बस पीछे से जा घुसी। बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार से पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 6:15 बजे VIP मूवमेंट के चलते ट्रैफिक रोका गया था। इसी दौरान जयपुर से सीकर की ओर जा रही एक निजी कंपनी की स्लीपर बस अनियंत्रित होकर खड़े वाहनों से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे छह लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। हरमाड़ा थाना प्रभारी उदय यादव ने बताया कि स्लीपर बस जयपुर से सीकर की ओर जा रही थी। रुके हुए ट्रैफिक में बस चालक समय पर ब्रेक नहीं लगा सका, जिससे बस पीछे खड़े वाहनों में जा घुसी। दुर्घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू करवाया। VIP मूवमेंट के दौरान हुए इस हादसे ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।





