मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस मुख्यालय से 42 महिला पीसीआर वैन को दिखाई हरी झण्डी
April 11th, 2026 | Post by :- | 5 Views

जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने महिला सुरक्षा को समर्पित 42 पीसीआर वैन को शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा हैल्पलाइन 1090 को निरन्तर मजबूत बना रही है।
श्री शर्मा ने कहा कि महिलाओं के विरूद्ध अपराधों एवं घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए राजस्थान पुलिस को आवश्यक आधुनिक संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इसी क्रम में ये महिला पीसीआर वैन 24 घण्टे महिलाओं की सहायता के लिए काम करेंगी। उल्लेखनीय है कि इन सभी वाहन टीम को अभय कमाण्ड सेंटर से जोड़ा जायेगा, जो कि पहले से संचालित डायल 112 की तर्ज पर कार्य करेगी। इसके लिए प्रत्येक वाहन में मोबाइल डेटा टर्मिनल (एमडीटी) स्थापित किया गया है। अभय कमाण्ड सेंटर से एमडीटी को मिले निर्देशों पर अपराध एवं घटना के विरूद्ध प्रभावी तथा त्वरित कार्रवाई संभव होगी। इन वाहनों में अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों के तहत जीपीएस, फोल्डिंग स्ट्रेचर एवं एलईडी लाइट बार को भी उपलब्ध करवाया गया है। महिला सुरक्षा हैल्पलाइन 1090 महिलाओं को आपातकालीन स्थिति जैसे उत्पीड़न, शोषण और हिंसा के मामलों में सहायता प्रदान करती है। यह हैल्पलाइन महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण उपलब्ध कराने में प्रभावी तरीके से कार्य कर रही है। इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।