जयपुर,(सुरेन्द्र कुमार सोनी) । विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड 17 में आज कांग्रेस पार्टी के संगठन विस्तार को लेकर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन झोटवाड़ा के ऊर्जावान मंडल अध्यक्ष सतीश झिंगाणिया द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और क्षेत्रीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश महासचिव विक्रम सिंह शेखावत, झोटवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष हरेंद्रपाल जादौन, विधानसभा प्रभारी रामकरण गुलेरिया एवं आदरणीय मंजू शर्मा भी मंच पर मौजूद रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जुड़ने का आह्वान किया और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में युवाओं और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की मजबूती का संदेश गया। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया गया।





